दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि चुनाव प्रचार के दौरान दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता गुंडागर्दी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि बीजेपी के कार्यकर्ता लोगों से मारपीट कर रहे हैं, उनके प्रत्याशियों पर हमले कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया है कि वे इस कथित धांधली को रोकने के लिए प्लान तैयार कर चुके हैं।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि आम आदमी पार्टी बीजेपी कार्यकर्ताओं पर नजर रखने के लिए बड़े स्तर पर इंतजाम किया है। चुनाव में धांधली रोकने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी गई है। इसे रोकने के लिए उन्हें स्पाई कैमरा और बॉडी कैमरा दिया जा रहा है।
अरविंद केजरीवाल ने दावा किया, 'BJP की गुंडागर्दी रोकने के लिए AAP ने इंतजाम किया है। हमने स्पाई और बॉडी कैमरा झुग्गियों और कार्यकर्ताओं में बांट दिए हैं। अगर बीजेपी कुछ भी करती है तो सब रिकॉर्ड हो जाएगा और हम इनपर कार्रवाई करवाएंगे।'
यह भी पढ़ें: 'मोदी-योगी दें इस्तीफा...', महाकुंभ भगदड़ पर संसद में हंगामा
यह भी पढ़ें- हवा में लटकते पाइप, मोल का पानी, BJP ने 'फ्री पानी' पर AAP को घेरा
BJP को गुंडा बता रहे हैं केजरीवाल
दिल्ली में चुनाव प्रचार सोमवार को थम जाएगा। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि बीजेपी कार्यकर्ता चुनाव में गुंडागर्दी कर रहे हैं। उन्होंने अपने खिलाफ उतरे बीजेपी प्रत्याशी प्रवेश वर्मा पर भी संगीन आरोप लगाए हैं। आम आदमी पार्टी का कहना है कि AAP की LED वैन पर हमला किया गया, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों पर हमला किया गया, आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस हिरासत में ले रही है।
AAP ने दावा किया है कि आधी रात को आम आदमी पार्टी के विधायक को दिल्ली पुलिस ने होटल से निकाल दिया। महिला कार्यकर्ताओं के साथ बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अभद्रता की है। आम आदमी पार्टी के आरोपों को बीजेपी ने भ्रामक और गलत बताया है।