झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के दूसरे और अंतिम चरण के लिए आज यानी बुधवार (20 नवंबर) को वोटिंग हुई। झारखंड में सुबह 7 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक वोट डाले गए। इस चरण में 12 जिलों की कुल 38 सीटों पर मतदान हुआ। दूसरे दौर में कुल 528 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। वहीं, वोटिंग खत्म होने तक राज्य में 67.59 फीसदी वोटिंग हुई।

 

इससे पहले 13 नवंबर को पहले चरण में 43 सीटों के लिए मतदान हुए थे, जिसमें 66.65 फीसदी वोटिंग हुई थी। 

 

राज्य के 31 बूथ ऐसे चुने गए हैं, जहां वोटिंग 4 बजे तक ही खत्म हो गई। बता दें कि दूसरे चरण में कुल 1.23 करोड़ लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। झारखंड चुनाव के दूसरे चरण में बीजेपी, जेएमएम और कांग्रेस के कुछ दिग्गज नेता भी चुनाव लड़ रहे हैं। इन हैवीवेट नेताओं की विधानसभा सीटों पर भी सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। 

झारखंड की चर्चित सीटें

झारखंड की चर्चित सीटों में बरहेट,गांडेय, दुमका, जामताड़ा, धनवार, सिल्ली, महेशपुर, झरिया, जामा और पोड़ैयाहाट शामिल हैं। वहीं, अगर बड़े चेहरों की बात करें तो, इनमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, आजसू प्रमुख सुदेश महतो, पूर्व उपमुख्यमंत्री स्टीफन मरांडी, पूर्व मंत्री लुईस मरांडी, पूर्व डीएसपी नवनीत हेम्ब्रम जैसे कई दिग्गज चेहरे भी शामिल हैं। 

सबकी निगाहें एग्जिट पोल पर

झारखंड के साथ में महाराष्ट्र में भी आज वोटिंग हुई। राज्य की 288 विधानसभा सीटें के लिए एक ही चरण में मतदान डाले गए। दोनों राज्यों के चुनाव के परिणाम 23 नवंबर को आएंगे। लेकिन इससे पहले सबकी निगाहें एग्जिट पोल्स पर टिकीं हैं। 

क्या कहता है वोटर्स का मूड?

झारखंड में वोटर्स का मूड क्या कहता है? इस बार किस पार्टी की सरकार बन रही है? जेएमएम के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की या एनडीए के नेतृत्व में से कौन मारेगा बाजी? इसको लेकर तमाम एजेंसियों ने राज्य में वोटरों से बात करके एग्जिट पोल तैयार किए हैं। इसी सिलसिले में आज झारखंड विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल्स जारी कर दिए गए। आइए जानते हैं कि झारखंड में किस पार्टी को बहुमत मिलता दिख रहा है। 

 

इंडिया गठबंधन में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल शामिल है। वहीं, एनडीए में बीजेपी, जेडीयू, आजसू और एलजेपी (रामविलास) शामिल है। बता दें कि झारखंड की 81 सदस्यों वाली विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 42 सीटें चाहिए होती हैं। 

 

चाणक्य स्ट्रेटेजी के मुताबिक झारखंड में एनडीए की सरकार बन रही है। बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए को 45 से 50 सीटें मिल रही हैं। वहीं, जेएमम के नेतृत्व वाले इंडिया अलायंस को 35 से 38 और अन्य को 3 से 5 सीटें मिल सकती हैं।

 

Agency BJP (NDA) JMM (India Alliance)
मैट्राइज़ 42-47 25-30
चाणक्य स्ट्रेटेजी 45-50 35-38
एक्सिस माय इंडिया 17-27 49-59
पी मार्क 31-40 37-47
टाइम्स नाउ जेवीसी  42 38
दैनिक भास्कर 37-40 36-39
पीपल्स पल्स 44-53 25-37
पोल ऑफ पोल्स 38-43 34-41