प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के मुजफ्फरपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनकी सरकार छठी मइया को यूनेस्को की 'वर्ल्ड हेरिटेज' लिस्ट में शामिल करने की कोशिश कर रही है, आरजेडी और कांग्रेस के लोग छठी मइया का अपमान कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि क्या कोई छठी मइया का अपमान कर सकता है, कांग्रेस और आरजेडी के लोग ऐसा क्यों कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसा जताया कि बिहार में एक बार फिर एनडीए की ही सरकार बनेगी। उन्होंने कहा है कि बिहार में सुशासन की ही सरकार रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस, आरजेडी और लेफ्ट को कई मुद्दों पर घेरा। उन्होंने जंगलराज को लेकर लालू और राबड़ी देवी की पुरानी सरकारों पर सवाल उठाए।
पीएम मोदी ने कहा, 'हम छठ महापर्व को मानवता के महापर्व के रूप में UNESCO की विश्व विरासत की सूची में शामिल कराने के लिए लगातार कोशिश कर रहे हैं। ये हर बिहारी और हर हिंदुस्तानी के लिए गर्व का विषय होगा। छठ महापर्व के बाद ये मेरी पहली जनसभा है। छठ महापर्व बिहार और देश का गौरव है।
यह भी पढ़ें: बिहार चुनाव: कौन हैं वे लोग जिनसे घर-घर जाकर करवाई जा रही वोटिंग?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी:-
RJD और कांग्रेस वालों की पहचान पांच चीजों से है। कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन, करप्शन। जहां कट्टा, क्रूरता का राज हो, वहां कानून दम तोड़ देता है। जहां कटुता बढाने वाली RJD और कांग्रेस हो, वहां समाज में सद्भाव मुश्किल होता है। जहां RJD और कांग्रेस का कुशासन हो, वहां विकास का नामो-निशान नहीं होता है। जहां करप्शन हो, वहां सामाजिक न्याय नहीं मिलता है। गरीब का हक लूट जाता है, सिर्फ और सिर्फ कुछ परिवार ही फलते-फूलते हैं। ऐसे लोग कभी भी बिहार का भला नहीं कर सकते।
यह भी पढ़ें: केवल 'मजदूरों की फैक्ट्री' नहीं है बिहार, पंजाब-आंध्र से भी ज्यादा हैं स्टार्टअप
प्रधानमंत्री मोदी के भाषण की अहम बातें
- पीएम मोदी ने कहा, 'देश और दुनिया में छठ महापर्व मनाया जाता है। हम छठ के गीत सुनते हैं, तो भाव-विभोर हो उठते हैं। छठी मईया की पूजा में मां की भक्ति है। छठी मईया की पूजा में समता, ममता और सामाजिक समरसता है। छठी मईया की पूजा हमारी साझी विरासत का उत्सव भी है। इसलिए हमारी सरकार का प्रयास है कि दुनिया भी इन मूल्यों से सीखे।'
- पीएम मोदी ने कहा, 'आपने देखा है कि आपका ये बेटा तो छठी मईया की जय-जयकार दुनिया में कराने में लगा है। दूसरी तरफ ये कांग्रेस और RJD के लोग छठी मईया का अपमान कर रहे हैं। क्या कोई कभी चुनाव में वोट पाने के लिए छठी मईया का अपमान कर सकता है? क्या ऐसा अपमान, बिहार, हिंदुस्तान और मेरी माताएं जो निर्जला उपवास करती हैं, वो सहन कर सकती हैं?'
- पीएम मोदी ने कहा, 'जो महिलाएं निर्जला इतना लंबा व्रत रखती हैं>जो गंगा जी में खड़ी होकर सूर्यदेव को अर्घ्य देती हैं। वह RJD-कांग्रेस की नजर में ड्रामा करती हैं। क्या बिहार की माताएं- बहनें छठी मईया का ये अपमान बर्दाश्त करेंगी? मैं जानता हूं कि छठी मईया के इस अपमान को बिहार का कोई भी व्यक्ति भूल नहीं सकता।'
- पीएम मोदी ने कहा, 'बिहार का गौरव और बढ़ाना, बिहार की मीठी बोली, बिहार की संस्कृति को दुनिया के कोने-कोने में ले जाना, बिहार का विकास करना ही NDA और भाजपा की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। जब भारत समृद्ध था, आर्थिक रूप से, ज्ञान-विज्ञान की सबसे बड़ी ताकत था, तब उसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका थी। इसलिए आज विकसित भारत बनाने के लिए भी बिहार का विकसित होना बहुत जरूरी है।'
- पीएम मोदी ने कहा, 'बिहार को आगे बढाने के लिए उद्यम चाहिए, उद्योग चाहिए और उद्योग के लिए जमीन, बिजली, कनेक्टिविटी और कानून का राज चाहिए। सोचिए, जिनका इतिहास जमीन कब्जाने का हो, वो किसी उद्योग को जमीन देंगे क्या? जिन्होंने बिहार को लालटेन युग में रखा, वो बिजली दे पाएंगे क्या? जिन्होंने रेल को लूटा, वो बिहार में कनेक्टिविटी बढ़ाएंगे क्या? जिन्होंने भ्रष्टाचार और घोटाले के रिकॉर्ड तोड़ दिए, वो कानून का राज ला सकते हैं क्या?'
पीएम नरेंद्र मोदी:-
जंगलराज के दिनों को याद करते हैं, तो अंदाजा लगता है कि हालात कितने खतरनाक थे। आप मुजफ्फरपुर के लोग RJD सरकार में हुआ गोलू अपहरण कांड कभी नहीं भूल सकते। इसी शहर में 2001 में स्कूल जाते हुए एक छोटे से बालक को अपराधियों ने दिन-दहाड़े किडनैप के लिया था और बदले में बहुत सारे रुपये मांगे थे। जब रुपये नहीं दे पाए, तो RJD के इन चट्टे-बट्टों ने उस छोटे से बालक के टुकड़े-टुकड़े कर दिए थे। रोते-बिलखते मां-बाप से RJD को न तब फर्क पड़ता था और न ही आज उन्हें आपके सुख-दुख से कुछ लेना देना है।
पीएम मोदी ने कहा, 'नरेन्द्र हो, या नीतीश जी बहनों का सशक्तिकरण हमारी प्राथमिकता रही है। हमने गरीबों को पक्के घर दिए, तो रजिस्ट्री बहनों के नाम पर की। हमने नल दिया, मुफ्त गैस कनेक्शन और मुफ्त अनाज दिया, ताकि बहनों की परेशानी कम हो। अभी यहां नीतीश जी की सरकार ने बहनों के स्वरोजगार के लिए बहुत बड़ी योजना चलाई है। 1.30 करोड़ बहनों के खाते में 10-10 हजार रुपये पहुंच चुके हैं। इस पैसे से बिहार की बहनें अपना खुद का कोई न कोई व्यवसाय और काम शुरू कर रही हैं। मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हम यहीं पर नहीं रुकेंगे। जब फिर से NDA सरकार बनेगी, तो इन बहनों को अपना काम बढाने के लिए और अधिक प्रोत्साहन दिया जाएगा।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी:-
RJD और कांग्रेस की नीयत क्या है, वो इनके ताजा प्रचार से ही पता चलता है। आप RJD और कांग्रेस के खतरनाक नारे सुन रहे होंगे। आप इनकी हिम्मत और बेशर्मी देखिए कि चुनाव प्रचार में भी कैसे गाने बज रहे हैं। इनके गानों में छर्रा, कट्टा, दुनाली शामिल हैं। ये इनकी सोच का प्रतिबिंब है।
