तमिलनाडु में अभिनेता विजय के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। कई एग्जिट पोल में विजय की पार्टी टीवीके की धमक देखने को मिली है। तमिलनाडु के 10 एग्जिट पोल में से छह में डीएमके की वापसी का अनुमान है। वहीं 'वोट वाइब' और 'जेवीसी' के सर्वे में एनडीए की सरकार बनते दिख रही है। एक्सिस माई इंडिया के एग्जिट पोल में विजय की पार्टी को बहुमत मिलते दिखाया गया है। बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं। बहुमत का जादुई आंकड़ा 118 है।

 

वोट वाइब: इस एग्जिट पोल के मुताबिक तमिलनाडु में डीएमके की सरकार विदाई हो सकती है। यहां एआईएडीएमके-बीजेपी गठबंधन को सबसे अधिक 114-124 सीटें मिलने का अनुमान है। अभिनेता विजय की पार्टी 4-10 पर ही सिमट सकती है। डीएमके-कांग्रेस गठबंधन को 103-113 सीटों पर जीत मिलने का अनुमान है।

 

यह भी पढ़ें: 5 राज्यों के Exit Poll: असम-बंगाल में BJP को बहुमत, केरल में कांग्रेस की वापसी

 

जेवीसी: इस एग्जिट पोल में तमिलनाडु में एनडीए के पक्ष में प्रचंड लहर दिख रही है। अनुमान के मुताबिक एनडीए को 128-147 सीटों पर जीत मिल सकती है। डीएमके गठबंधन के 75-95 सीटों पर सिमटने का अनुमान है। विजय की पार्टी टीवीके 8-15 सीटों पर जीत सकती है। 

 

कामाख्या एनालिटिक्स: इस एग्जिट पोल में तमिलनाडु में किसी भी दल को बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है। तीन प्रमुख दलों के बीच त्रिशंकु विधानसभा के संकेत मिल रहे हैं। पोल के मुताबिक डीएमके को 78-95, एनडीए को 68-84 और विजय की पार्टी टीवीके को 67-81 सीटें मिलने का अनुमान है।

 

यह भी पढ़ें: Exit Polls में केरल में किसकी बन रही सरकार, क्या चल गया राहुल गांधी का जादू?

 

एक्सिस माय इंडिया: यह इकलौता एग्जिट पोल है, जिसने अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके को बहुमत मिलने का अनुमान जताया है। पोल के मुताबिक टीवीके 98-120 सीटों पर जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बन सकती है। वहीं सीएम एमके स्टालिन की अगुवाई में डीएमके गठबंधन 92-110 सीटों पर सिमट सकता है। एनडीए को 22-32 सीटें ही मिलने का अनुमान है।