बॉलीवुड अभिनेता राजपाल यादव को पिछले महीने 9 करोड़ के कर्ज के मामले में जेल जाना पड़ा था। उनका कहना था कि उनके पास कर्ज चुकाने के पैसे नहीं है जिसके बाद उन्हें इंडस्ट्री का भरपूर सपोर्ट मिला था। हाल ही में वह एक अवॉर्ड शो में पहुंचे थे। इस शो में उनका मजाक उड़ाया गया। इस क्लिप के वायरल होने के बाद उन्हें सलमान खान का सपोर्ट मिला था। अब इस मामले में ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने राजपाल का सपोर्ट किया है।
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने अपने एक्स अकाउंट पर राजपाल को लेकर हुए मजाक को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, चेतक स्क्रीन अवॉर्ड्स 2026 में राजपाल का मजाक उड़ाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अस्वीकार्य है। राजपाल यादव हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के एक सम्मानित कलाकार हैं, जिन्होंने वर्षों तक अपने अभिनय से पूरे देश का दिल जीता है और इंडस्ट्री में अहम योगदान दिया है। हर कलाकार के जीवन में उतार चढ़ाव आते हैं।'
यह भी पढ़ें: Raaka फर्स्ट लुक, आंखों में दहशत, लंबे नाखून, अल्लू अर्जुन को देख उड़े होश
AICWA ने शेयर किया पोस्ट
संस्था ने आगे लिखा, 'अवार्ड शो के दौरान सबके सामने इस तरह की टिप्पणी करना। डॉलर और रुपये में चाहे जितना उतार-चढ़ाव आए, आपको अपना कर्ज तो चुकाना ही पड़ेगा। यह हास्य नहीं, बल्कि अपमान है। हर इंसान की अपनी गरिमा होती है, और इस तरह की बातें इंडस्ट्री की एकता और सम्मान को ठेस पहुंचाती हैं।' आज अगर उनका समय अच्छा नहीं है, तो क्या हुआ? कल जरूर बेहतर होगा। वे कुछ कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं, लेकिन यह याद रखना चाहिए कि हर रात के बाद सुबह जरूर होती है। संघर्ष अस्थायी होता है, लेकिन प्रतिभा और मेहनत हमेशा कायम रहती है।'
यह भी पढ़ें: 'नेगेटिविटी मत फैलाओ', जाकिर खान के धुरंधर वाले बयान पर भड़कीं अमीषा पटेल
AICWA ने उनके योगदान की सराहना की
AICWA ने अपने पोस्ट में लिखा, 'उन्होंने अपने किरदारों से पूरे देश को हंसाया है, रोते हुए चेहरों पर मुस्कान लाई है। लेकिन आज अगर वही कलाकार खुद तकलीफ में है और उसके आंसुओं को पोंछने वाला कोई नहीं तो यह हम सबके लिए सोचने वाली बात है। यह भी दुर्भाग्यपूर्ण है कि राजपाल यादव को अक्सर आसान निशाना बना लिया जाता है, सिर्फ इसलिए क्योंकि वे शांत रहते हैं और अपनी गरिमा बनाए रखते हैं। उनकी चुप्पी को कमजोरी समझना गलत है। यही उनकी असली ताकत है। AICWA हमेशा राजपाल के साथ खड़ा है। हम उनका सम्मान करते हैं, उनका समर्थन करते हैं और उनकी गरिमा की रक्षा के लिए हर समय उनके साथ रहेंगे।'
