टीवी और फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री संचिता उगले का निधन हो गया। 22 साल की संचिता 'साजन घर' और 'कुमकुम भाग्य' जैसे धारावाहिकों में अपने अभिनय के लिए मशहूर थीं। 14 जून 2026 की शाम को नालासोपारा पूर्व के अचोले गांव स्थित साईं संतोषी बिल्डिंग में उन्होंने अपने घर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। आत्महत्या से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने एक वीडियो भी पोस्ट किया था।

 

अचोले पुलिस स्टेशन के एएसआई विनोद बाग ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना शाम 7 बजे से 7:30 बजे के बीच हुई। संचिता ने अपने बेडरूम का दरवाजा अंदर से बंद किया और साड़ी के सहारे सीलिंग फैन से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उन्हें तुरंत वसई-विरार महानगर पालिका अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 15 जून को मृतका के पिता मच्छिंद्र उगले की शिकायत पर अचोले पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज किया है।

 

यह भी पढ़ें: 'प्रणीत मोरे समाज के आतंकी', सुनील पाल ने कॉमेडियन को क्यों लताड़ा?

नहीं मिला सुसाइड नोट

अचोले पुलिस इस मामले की बारीकी से जांच कर रही है। एएसआई विनोद बाग ने साफ किया है कि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र में आता है। पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में ऐसा कोई भी संदिग्ध तथ्य सामने नहीं आया है जिससे किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका का पता चले। अभिनेत्री की मौत किस वजह से हुई, इसका सही पता जांच के बाद ही चल पाएगा। पुलिस ने यह भी साफ किया है कि अभिनेत्री के पिता ने अपने बयान में कहा है कि उन्हें किसी पर कोई संदेह नहीं है और वह किसी के भी खिलाफ कोई शिकायत नहीं करना चाहते हैं। पुलिस ने यह भी बताया है कि अभी तक उन्हें घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

 

संचिता ने ऐक्टिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाने के लिए कड़ी मेहनत की थी। उन्होंने 'साजन घर' और 'कुमकुम भाग्य' जैसे सीरियल्स से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने 'वागले की दुनिया' और 'दिलवाली दूल्हा ले जाएगी' जैसे शोज में भी काम किया। विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' में उन्होंने 'ताराबाई' का अहम किरदार निभाया था। अभिनय के साथ-साथ वह कई बड़े विज्ञापनों में भी नजर आती थीं। उनके साथी कलाकारों का कहना है कि वह काम को लेकर बहुत मेहनती थीं।

 

यह भी पढ़ें: कभी जबरन किस, कभी बदसलूकी, एक्टिंग के लिए सब झेला, प्रिया बापट का छलका दर्द

सोशल मीडिया पर आखिरी पोस्ट

संचिता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं और उनके 139K फॉलोअर्स थे। निधन से सिर्फ 19 घंटे पहले उन्होंने एक इंस्टाग्राम रील पोस्ट की थी। इस वीडियो में वह बेहद खुश दिख रही थीं और मुस्कुराते हुए 'मैं नाचूं तू नाचा' गाना गा रही थीं। अपनी शूटिंग और निजी जिंदगी की झलक वह फैन्स के साथ शेयर करती रहती थीं।