नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी मेगा बजट फिल्म 'रामायण' रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है। इस फिल्म को लेकर श्री रामलीला महासंघ ने कुछ आपत्तियां जताई हैं। संगठन ने फिल्म के निर्माताओं से मांग की है कि इसे सिनेमाघरों में रिलीज करने से पहले रामलीला समितियों और कुछ हिंदू संगठनों को दिखाया जाए। उनका कहना है कि फिल्म में भगवान राम, माता सीता, लंका या रामायण से जुड़ी किसी भी बात को गलत तरीके से दिखाया गया तो इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। महासंघ ने चेतावनी भी दी है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई तो वे देशभर में विरोध प्रदर्शन करेंगे।
श्री रामलीला महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद संगठन ने यह फैसला लिया है। उनके मुताबिक, भगवान राम जैसे धार्मिक विषय पर बनी फिल्म में हर छोटी बड़ी बात का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रिलीज से पहले अगर फिल्म दिखाई जाएगी तो जरूरत पड़ने पर कुछ सुझाव भी दिए जा सकेंगे।
यह भी पढ़ें: 'मेरा माल असली है', आम्रपाली और रानी चटर्जी ने कैसी बात करने लगी?
अर्जुन कुमार ने यह भी कहा कि ट्रेलर में रणबीर कपूर का भगवान राम वाला किरदार उन्हें पूरी तरह प्रभावशाली नहीं लगा। उनका मानना है कि भगवान राम के चरित्र में जिस गंभीरता और दिव्यता की उम्मीद की जाती है वह ट्रेलर में पूरी तरह नजर नहीं आई। इसके अलावा उन्होंने ट्रेलर में दिखाई गई लंका की प्रस्तुति पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि धार्मिक मान्यताओं में लंका को स्वर्ण नगरी बताया गया है जबकि ट्रेलर में उसकी झलक अलग तरह से दिखाई गई है।
'आदिपुरुष' का दिया उदाहरण
महासंघ ने अपनी मांग के पीछे फिल्म 'आदिपुरुष' का भी उदाहरण दिया है। संगठन का कहना है कि उस फिल्म को लेकर भी रिलीज के बाद कई विवाद हुए थे। कई लोगों ने किरदारों के लुक, डायलॉग और कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताई थी। ऐसे में 'रामायण' के साथ वैसी स्तिथि दोबारा न बने इसलिए पहले ही विशेष स्क्रीनिंग कराई जानी चाहिए।
यह भी पढ़ें: डॉली जावेद को रीवा किशन ने बाहर निकाला? ट्रोल हो रहीं रवि किशन की बेटी
महासंघ ने साफ कहा है कि अगर उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया तो दिल्ली समेत कई राज्यों में सिनेमाघरों के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। हालांकि संगठन ने यह भी कहा कि वह सेंसर बोर्ड की जगह नहीं लेना चाहता लेकिन अगर फिल्म में धार्मिक मान्यताओं के विपरीत कुछ भी दिखाया गया तो वह इसका विरोध जरूर करेगा।
