हिंदी सिनेमा में भारत और पाकिस्तान के युद्ध पर कई फिल्में बनी हैं। इन सभी फिल्मों में से दर्शकों के दिलों पर सबसे ज्यादा 'बॉर्डर' ने राज किया है। 1997 में 'बॉर्डर' रिलीज हुई थी। यह एक आइकोनिक फिल्म है जिसे टेलीविजन चैनल पर आज भी गणतंत्र दिवस के दिन चलाया जाता है। इस फिल्म का निर्माण जेपी दत्ता ने किया है। अब 28 साल बाद इस फिल्म का सीक्वल आ रहा है। 'बॉर्डर 2' की अनाउंसमेंट के बाद से ही फिल्म को लेकर जबरदस्त बज बना हुआ है।

 

'बॉर्डर 2' में सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की कहानी सत्य घटना पर आधारित है। इस फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। आइए जानते हैं 28 साल बाद 'बॉर्डर 2' में क्या कुछ खास दिखने वाला है।

 

यह भी पढ़ें- Shark Tank में 13 साल के जयवर्धन ने शार्कस को किया इंप्रेस, आइडिया सुन हुए हैरान

इन रियल कैरेक्टर्स पर बनी है फिल्म

सनी देओल

 

'बॉर्डर 2' में सनी देओल का किरदार भारतीय सेना के मेजर जनरल हरदेव सिंह कलेर से प्रेरित बताया जा रहा है। उनके किरदार का नाम फतेह सिंह है। ट्रेलर में उनका वही पुराना अंदाज देखने को मिला। फिल्म से सनी का डायलॉग 'आवाज कहां तक जानी चाहिए, लाहौर तक' खूब पॉपुलर हुआ। एक बार फिर युद्ध में वह बाकी कलाकारों के साथ देशभक्ति की भावना दिखाते हुए नजर आएंगे।

 

वरुण धवन

 

वरुण धवन फौजी मेजर होशियार सिंह दहिया के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म रिलीज से पहले वरुण ने मेजर होशियार सिंह की पत्नी से भी मुलाकात की। दोनों के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। फिल्म का गाना 'घर कब आओगे' रिलीज होने के बाद वरुण को काफी ट्रोल किया गया था।

 

 

दिलजीत दोसांझ

 

दिलजीत दोसांझ फिल्म में भारतीय वायु सेना अधिकारी और मरणोपरांत परमवीर चक्र सम्मानित ऑफिसर निर्मल जीके सेखों की भूमिका निभा रहे हैं। निर्मलजीत सेखों ने 1971 की भारत-पाक युद्ध में श्रीनगर एयरबेस की अकेले रक्षा करते हुए पाकिस्तानी वायु सेना से लोहा लिया था। 26 साल की उम्र में उन्होंने देश के लिए बलिदान दे दिया था।

 

यह भी पढ़ें- मशहूर असमिया सिंगर समर हजारिका का हुआ निधन, 75 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

 

अहान शेट्टी

 

अहान शेट्टी फिल्म में लेफ्टिनेंट कमांडर एमएस रावत की भूमिका में है। उनके किरदार को जोसेफ पियस अल्फ्रेड नोरोन्हा से प्रेरित बताया जा रहा है। 1971 के युद्ध में उन्हे उनकी वीरता के लिए महावीर चक्र से सम्मानित किया गया था। हालांकि मेकर्स की तरफ से उनके कैरेक्टर को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है। 'बॉर्डर 2' में फीमेल लीड्स के किरदार में सोनम बाजवा, मोना सिंह, मेधा राणा और अन्या सिंह मुख्य भूमिका में हैं।