अमेरिका के फ्लोरिडा में रविवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया है। यहां एक निजी बिजनेस जेट रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया है। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। अमेरिका के परिवहन मंत्री सीन डफी ने रविवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि विमान टेक्सास के ऑस्टिन से उड़ान भरकर बहामास जा रहा था। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।  

 

हादसे का शिकार हुआ बिजनेस जेट लियरजेट-60 था, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि जेट दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके के ऊपर से गुजरते समय अचानक नीचे की ओर गिरा, सड़क के पास जोरदार धमाका होता नजर आया। जेट रॉकेट की तरह जमीन पर गिरा।

 

यह भी पढ़ें: जापान-यूके में अलर्ट, बड़े पैमाने पर कब्र क्यों खोद रही US आर्मी?

कारों में बैठे लोगों ने बनाया वीडियो

इस हादसे का वीडियो सामने आया है, हादसे के समय आसपास से गुजर रही कारों में बैठे कुछ लोगों ने विमान के आसमान से तेजी से नीचे गिरने का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इस  वीडियो में विमान सड़क के पास गिरने के बाद आग के बड़े गोले में बदलता दिखाई दिया। घटनास्थल पर विमान के मलबे और सड़क के टूटे हिस्सों के आसपास आग की लपटें उठती नजर आ रही हैं।

क्या हुआ था?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, N722BD के तौर पर रजिस्टर्ड और LR60271 LLC यह विमान संचालित कर रहा था। टेक्सास के ऑस्टिन-बर्गस्ट्रॉम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद जेट बहामास के नॉर्थ एलूथेरा एयरपोर्ट की ओर जा रहा था। यह जेट स्थानीय समयानुसार दोपहर लगभग 12:50 बजे, 'मिलिट्री ट्रेल' के पास एक मोबाइल होम कम्युनिटी (आवासीय क्षेत्र) के नजदीक दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

'फ्लाइटराडार24' (Flightradar24) और 'ADS-B एक्सचेंज' के फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि विमान अचानक बहुत तेजी से नीचे आने लगा था। तेजी से नीचे गिरने से पहले, यह जेट लगभग 35,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था। इस हादसे के कारण सड़क पर एक बड़ा गड्ढा बन गया और आसपास के इलाके में मलबा फैल गया। कम से कम एक मोबाइल होम (घर) को नुकसान पहुंचा है। दुर्घटना के कारण बिजली की लाइनें भी टूट गईं और आग लग गई।

FAA और NTSB ने जांच शुरू की

इस घटना के बाद फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) इस दुर्घटना की जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने का कारण क्या था। दुर्घटनास्थल पाम बीच इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कुछ मील की दूरी पर स्थित है। अधिकारियों ने अभी तक मारे गए नौ लोगों की पहचान उजागर नहीं की है और न ही यह स्पष्ट किया है कि इस जानलेवा हादसे का कारण क्या था।