अमेरिका की जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को टॉप 10 वॉन्टेड भगोड़ों की लिस्ट में शामिल किया है। इसके साथ ही उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली जानकारी के लिए 10 लाख डॉलर का इनाम देने की घोषणा की है। यह इनाम भारतीय रुपये के हिसाब से करीब 9 करोड़ रुपये है। जांच एजेंसी के मुताबिक, गोल्डी बराड़ एक कुख्यात गैंगस्टर है, जो हत्या की साजिश, ड्रग्स की तस्करी जैसे मामलों का मुख्य आरोपी है। इसके अलावा, गोल्डी बराड़ अमेरिका में रहकर कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई के लिए काम करता है।
FBI के लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस ने मंगलवार सुबह यह घोषणा की है। FBI के इस ऐलान के पीछे मकसद साफ है कि कुख्यात गैंगस्टर को जेल में बंद किया जाए। जांच एजेंसी के मुताबिक, गोल्डी बराड़ न सिर्फ अमेरिका में कई अपराधों को अंजाम देता था, बल्कि वह भारत और कनाडा में भी हत्या, फिरौती और ड्रग्स की तस्करी जैसे अपराध करता है। ऐसे में FBI का यह कदम अमेरिका और एशिया में काम करने वाले अंतरराष्ट्रीय आपराधिक गैंग के अपराध को रोकने के लिए है। फिलहाल जांच एजेंसी गोल्डी बराड़ की तलाश में जुटी है।
यह भी पढ़ें: तेहरान में बिना हिजाब महिलाओं ने लगाई रेस, ईरान में बवाल क्यों मचा?
गोल्डी के खिलाफ कई केस
गोल्डी बराड़ पर अमेरिका में कई आरोप लगे हैं, जिनमें जबरन वसूली और ड्रग्स की तस्करी शामिल है। जांच एजेंसी के अनुसार, गोल्डी बराड़ अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई के गैंग के लिए काम करता है। लॉरेंस बिश्नोई भारत में जेल में बंद है। इसके बावजूद वह कथित तौर पर गोल्डी से बातचीत करता है। लॉरेंस ने कथित तौर पर अंतरराष्ट्रीय ऑपरेशन की जिम्मेदारी गोल्डी बराड़ को सौंपी थी।
गोल्डी बराड़ का नाम अमेरिका की कई हिंसक घटनाओं से जुड़ा है, जिनमें टारगेटेड हत्याएं, अपहरण, हथियारों के दम पर जबरन वसूली और बड़े पैमाने पर ड्रग्स की तस्करी शामिल है। उस पर कथित तौर पर लॉस एंजिल्स इलाके में 500 किलोग्राम से ज्यादा कोकीन की चोरी का भी आरोप है।
यह भी पढ़ें: नेपाल बाढ़ के 9 दिनों बाद सुरंग से कैसे निकाले गए लोग, कई लोग अभी फंसे
ब्रिटिश कोलंबिया में जून 2023 में एक सिख मंदिर के बाहर मशहूर राजनीतिक और धार्मिक हस्ती हरदीप सिंह निज्जर की हत्या हुई। इस हत्या का आदेश कथित तौर पर गोल्डी बराड़ और लॉरेंस बिश्नोई ने दिया था। इसके बाद सितंबर 2025 में कनाडा के अधिकारियों ने लॉरेंस बिश्नोई के गैंग को आतंकवादी गैंग घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि यह ग्रुप दुनिया भर में भारतीय मूल के लोगों से जबरन वसूली करने के लिए अपराध करता है। इसके साथ ही वसूली के लिए लोगों को धमकी देता है।
आरोपियों के खिलाफ चला ऑपरेशन हार्डबॉल
अमेरिका में अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन हार्डबॉल चलाया गया था, जिसमें भारत से जुड़े तीन आपराधिक गैंग के 37 लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। इसमें लॉरेंस गैंग के लोग भी शामिल हैं। इनमें 28 आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है या उनका पता लगा लिया गया है, जबकि गोल्डी बराड़ के साथ 5 आरोपी अभी भी फरार हैं।
FBI और लॉस एंजिल्स पुलिस विभाग ने बताया है कि गोल्डी बराड़ बेहद खतरनाक है और वह कैलिफोर्निया या कनाडा के किसी इलाके में छिपा हुआ है। इसलिए लोगों को सलाह दी गई है कि वे गोल्डी से बात न करें, बल्कि उसके बारे में कोई जानकारी सीधे FBI को दें।
