आज 11वां 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' मनाया जा रहा है। सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के 190 से ज्यादा देशों में योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में योग किया। इस दौरान 3 लाख से ज्यादा लोग मौजूद रहे। 40 देशों के राजनयिक ने भी इसमें हिस्सा लिया। इस बार की योग की थीम 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग' है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र में 'योग दिवस' मनाए जाने का प्रस्ताव रखा था। पीएम मोदी के इस प्रस्ताव का 177 देशों ने समर्थन किया था। इसके बाद 11 दिसंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को 'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस' घोषित किया। 2015 से हर साल 21 जून को योग दिवस मनाया जा रहा है। 

योग दिवस से जुड़ी Live Updates: 

 

 

Live Updates

June 21, 06:22

PM मोदी ने आंध्र में किया योग

प्रधानमंत्री मोदी ने आंध्र के विशाखापट्टनम में योग किया। उनके साथ 3 लाख से ज्यादा लोगों ने योग किया। इस कार्यक्रम में नौसेना के 11 हजार से ज्यादा कर्मी और उनके परिवार भी शामिल हुए।

 

June 21, 06:22

मोदी बोले- शांति का रास्ता है योग

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, दुर्भाग्य से आज पूरी दुनिया किसी न किसी तनाव से गुजर रही है। कितने ही क्षेत्रों में अशांति और अस्थिरता बढ़ रही है। ऐसे में योग से हमें शांति की दिशा मिलती है। उन्होंने कहा, 'आइए, हम सब मिलकर योग को एक जन आंदोलन बनाएं। एक ऐसा आंदोलन, जो विश्व को शांति, स्वास्थ्य और समरसता की ओर ले जाए। जहां हर व्यक्ति दिन की शुरुआत योग से करे और जीवन में संतुलन पाए। जहां हर समाज योग से जुड़े और तनाव से मुक्त हो। जहां योग मानवता को एक सूत्र में पिरोने का माध्यम बने और जहां Yoga For One Earth, One Health एक वैश्विक संकल्प बन जाए।'

 

June 21, 06:22

मोदी बोले- योग ने दुनिया को जोड़ा

पीएम मोदी ने कहा, मैं बीते एक दशक में योग की यात्रा को जब देखता हूं, तो बहुत कुछ याद आता है। वह दिन जब संयुक्त राष्ट्र में भारत ने प्रस्ताव रखा कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रुप में मान्यता मिले और तब कम से कम समय में दुनिया के 175 देश हमारे इस प्रस्ताव के साथ खड़े हुए। आज की दुनिया में ऐसी एकजुटता, ऐसा समर्थन सामान्य घटना नहीं है। यह सिर्फ एक प्रस्ताव का समर्थन भर नहीं था, ये मानवता के भले के लिए दुनिया का सामूहिक प्रयास था। उन्होंने कहा, योग का सीधा-सादा अर्थ होता है-जुड़ना। और यह देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरे विश्व को जोड़ा है।

June 21, 06:22

पीएम मोदी थोड़ी देर में करेंगे योग

प्रधानमंत्री मोदी पहुंच गए हैं। इस दौरान आंध्र के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी थोड़ी देर में 3 लाख लोगों के साथ योग करेंगे।

 

June 21, 06:22

जयशंकर ने दिल्ली में किया योग

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने दिल्ली में विभिन्न देशों के राजनयिक मिशनों के प्रतिनिधियों के साथ योगाभ्यास किया।

 

June 21, 06:22

हरियाणाः सीएम सैनी ने कुरुक्षेत्र में किया योग

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कुरुक्षेत्र में योग किया। उन्होंने योग गुरु स्वामी रामदेव के मार्गदर्शन में योगाभ्यास किया।

June 21, 06:22

ITBP ने 14,000 फीट की ऊंचाई पर किया योग

योग दिवस पर ITBP के जवानों ने लेह में 24 बटालियन के बॉर्डर आउटपोस्ट धन सिंह थापा और चार्त्से पर, पैंगोंग झील के किनारे 14,100–14,200 फीट की ऊंचाई पर योग किया।

 

June 21, 06:22

राजनाथ ने उधमपुर में किया योग

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में योग किया। उन्होंने कहा, आज पूरा विश्व अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहा है। हमारे ऋषियों की योग परंपरा का पालन पूरी दुनिया कर रही है। हमारे यहां योग सिर्फ अभ्यास नहीं है, बल्कि जीवन जीने का एक तरीका है।

 

June 21, 06:22

विशाखापट्टनम में 26KM लंबा कॉरिडोर बना

विशाखापट्टनम में आरके बीच से भोगापुरम तक 26 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर बनाया गया है। यहां 3 लाख लोगों के एकसाथ योग करने की व्यवस्था की गई है।