प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में रविवार सुबह नाइजीरिया पहुंचे। नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू ने अबुजा हवाई अड्डे पर उनका स्वागत किया। मोदी पिछले 17 सालों में अफ्रीकी देश का दौरा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। 

 

पीएम मोदी को नाइजीरिया के दूसरे सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान 'द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर' से सम्मानित करने की घोषणा की है। महारानी एलिजाबेथ के बाद पीएम मोदी यह पुरस्कार पाने वाले दूसरे विदेशी गणमान्य व्यक्ति होंगे।

55 साल बाद पीएम को पुरस्कार 

 

इससे पहले महारानी एलिजाबेथ को यह सम्मान 1969 में दिया गया था। यानी 55 साल बाद नाइजीरिया ने विदेशी मेहमान को यह पुरस्कार दिया है। इसके साथ ही 'द ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर' किसी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया जाने वाला 17वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है।

 

पीएम ने जताया आभार

नाइजीरियाई सरकार की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'नाइजीरिया के राष्ट्रीय पुरस्कार Grand Commander of the Order of the Niger से सम्मानित किए जाने पर मैं आपका, नाइजीरिया की सरकार और लोगों का हृदय से आभार व्य​क्त करता हूं। मैं इस सम्मान को विनम्रता और आदर भाव से स्वीकार करता हूं। मैं इस सम्मान को 140 करोड़ भारतवासियों और भारत-नाइजीरिया की गहरी मित्रता को समर्पित करता हूं।'

KEY OF THE CITY से सम्मानित

 

साथ ही अबुजा पहुंचने पर नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू ने प्रधानमंत्री मोदी को अबुजा शहर की 'KEY OF THE CITY' देकर सम्मानित भी किया। हाल ही में कैरेबियन देश डोमिनिका ने कोविड-19 महामारी के दौरान देश में प्रधानमंत्री मोदी के योगदान और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के लिए उनके काम के लिए अपना सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान देने की घोषणा की।

 

डोमिनिका की राष्ट्रपति सिल्वेनी बर्टन 19-21 नवंबर तक गुयाना में होने वाले भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को यह सम्मान प्रदान करेंगी।

 

कब-कब वैश्विक पुरस्कारों से नवाजे गए हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी?

-रूस- ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल अवार्ड। 12 अप्रैल 2019
- सऊदी अरब- ऑर्डर ऑफ अब्दुल अजीज अल साउद अवार्ड। 3 अप्रैल 2016
- अफगानिस्तान- स्टेट ऑर्डर ऑफ गाजी अमीर अमानुल्लाह खान अवार्ड। 4 जून 2016
- फलस्तीन- ग्रांड कलर ऑफ द स्टेट ऑफ फलस्तीन अवार्ड। 4 जून 2016
- मालदीव- ऑर्डर ऑफ द डिस्टिंग्विश रूल ऑफ निशान इज्जुद्दीन अवार्ड। 8 जून 2019
- बहरीन-किंग हमाद ऑर्डर ऑफ द रेनेसां अवार्ड। 25- अगस्त 2019
- अमेरिका- लीजन ऑफ मेरिट। 22 दिसंबर 2020
- भूटान- ऑर्डर ऑफ ड्रुक ग्यालपो अवार्ड। 17 दिसंबर 2021
- UAE- ऑर्डर ऑफ जायेद अवार्ड। 24 अगस्त 2019
- रिपब्लिक ऑफ पलाऊ- एबाकल अवार्ड बाई द रिपब्लिक ऑफ पलाऊ। 22 मई 2023
- पपुआ न्यू गिनी-  कंपेनियन ऑफ द ऑर्डर। 22 मई 2023
- फिजी- कंपेनियरन ऑफ द फिजी अवार्ड। 22 मई 2023
- मिस्र- ऑर्डर ऑफ द नील अवार्ड। 25 जून 2023
- फ्रांस- ग्रैंड क्रॉस ऑफ द लीजन ऑफ ऑनर अवार्ड। 14 जुलाई 2023
- ग्रीस- ग्रैंड क्रॉस ऑफ ऑर्डर ऑफ ऑनर अवार्ड। 25 अगस्त 2023
- डोमिनिका- डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर। 14 नवंबर 2024