अमेरिका में थैंक्सगिविंग की छुट्टियों और जश्न के बीच एक तूफान ने मध्य और पूर्वी राज्यों में भारी तबाही मचाई। इस खराब मौसम की वजह से 9 लाख से अधिक घरों और दफ्तरों की बिजली चली गई। इसके अलावा सड़क और हवाई यातायात बुरी तरह ठप पड़ गया।
तूफान का सबसे ज्यादा असर पेंसिल्वेनिया, मैरीलैंड और वर्जीनिया जैसे राज्यों में देखा गया। 'फ्लाइटअवेयर' के आंकड़ों के मुताबिक, खराब मौसम के कारण देशभर में करीब 400 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। साथ ही 2,000 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से चलीं, जिनमें सबसे ज्यादा असर पूर्वी अमेरिका में पड़ा।
यह भी पढ़ें: भ्रष्टाचार केस से समझौता या राजनीति से विदाई, क्या चुनेंगे नेतन्याहू?
100 साल में पहली बार टली 'मेसीज थैंक्सगिविंग परेड'
तेज हवाओं और भारी बारिश के खतरे को देखते हुए न्यूयॉर्क में होने वाली ऐतिहासिक 'मेसीज थैंक्सगिविंग डे परेड' को शनिवार यानी 28 नवंबर तक के लिए टाल दिया गया है। इस परेड के 100 साल के इतिहास में यह पहला मौका है जब इसे किसी अन्य दिन के लिए आगे बढ़ाया गया है। इससे पहले केवल द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान लगातार तीन साल तक इसे रद्द किया गया था।
मैनहट्टन की रोड पर बड़े-बड़े और रंग-बिरंगे गुब्बारों के साथ निकलने वाली इस परेड को देखने लाखों लोग जुटते हैं। आयोजकों को 1997 की उस घटना का भी डर था जब तेज हवा के कारण 18 फीट ऊंचे गुब्बारे के टकराने से एक लैंपपोस्ट गिर गया था। इसमें एक दर्शक घायल होकर बेहोश हो गया था। परेड के एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर विल कॉस ने इसके टलने से लोगों के बीच काफी निराशा है और वह बहुत दुखी है।
ईस्ट कोस्ट पर बाढ़ के हालात
तूफान के कारण ईस्ट कोस्ट के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। तेज हवाओं और गीली मिट्टी की वजह से पेड़ उखड़कर बिजली की तारों और घरों पर गिर गए। वाशिंगटन के बाहरी इलाकों में अधिकारियों ने करीब 20 लाख लोगों से पानी का इस्तेमाल कम करने की अपील की है। प्रशासन को आशंका है कि लंबे समय तक बिजली न रहने से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कामकाज पर असर पड़ सकता है।
तेज हवाओं के चलते कई बड़े पुलों को बंद कर दिया गया है और लोगों को बेवजह घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने 25 नवबंर को ही आपातकाल घोषित कर दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर लोगों से अपने फोन चार्ज रखने और टूटी हुई बिजली की तारों से दूर रहने को कहा।
वेस्ट कोस्ट पर भी खराब मौसम
बिजली गुल होने और तमाम मुश्किलों के बावजूद कई अमेरिकियों ने परिवार के साथ मिलकर थैंक्सगिविंग मनाया। सेलिब्रिटी शेफ जोस एंड्रेस ने 'X' पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह मोमबत्ती की रोशनी में गैस स्टोव पर खाना बनाते दिखे। उन्होंने इसके साथ लिखा, 'बिजली नहीं है? कोई बात नहीं।'
यह भी पढ़ें: अलीमा खान के खिलाफ फैसला बार-बार क्यों टल रहा है? अब 16 दिसंबर पर नजरें
दूसरी तरफ, अमेरिका के वेस्ट कोस्ट पर भी इस हफ्ते मौसम ने कहर बरपाया। कैलिफोर्निया के तटीय इलाकों में समुद्र की ऊंची लहरों के कारण कई जगहों से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना पड़ा। वहीं सैन फ्रांसिस्को में भी भारी बारिश दर्ज की गई।
