अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष बढ़ता जा रहा है। अमेरिकी सेना ने लगातार चौथी रात ईरान के दक्षिणी हिस्से में स्थित सैन्य ठिकानों पर बमबारी की। जवाब में ईरान ने कतर, कुवैत, जॉर्डन और बहरीन को निशाना बनाया। दक्षिणी ईरान में अमेरिकी हमलों में 30 से ज्यादा नागरिकों की जान जा चुकी है और 260 घायल हैं। अमेरिकी मिसाइल हमले में 7 ईरानी सैनिकों की जान भी जा चुकी है।

 

ईरानी मीडिया के मुताबिक मंगलवार की रात अमेरिकी सेना ने सिस्तान और बलूचिस्तान में भीषण बमबारी की और बंदरगाह शहर चाबहार स्थित एक वॉचटावर पर हमला किया। सोशल मीडिया पर इस हमले का वीडियो वायरल है। इसमें धुएं का एक विशाल गुबार उठते दिख रहा है।

 

यह भी पढ़ें: अमेरिका में साइक्लोस्पोरा संक्रमण के 1000 मामले आए सामने, जानिए क्या है यह बला?

बुशहर में चार जगहों पर हमला

उधर, बुशहर के गवर्नर मोहम्मद मोजाफरी के मुताबिक मंगलवार को पश्चिमी बंदरगाह शहर में अमेरिकी सेना ने चार स्थानों पर हमलों को अंजाम दिया। हालांकि इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ। बुधवार तड़के ही अमेरिका ने बंपुर के पास एक सैन्य बैरक पर 13 मिसाइलों से हमला किया। यहां सात ईरानी सैनिकों ने अपनी जान गंवाई। ईरान की सेना ने जान गंवाने वालों को शहीद बताया और कहा कि खून का बदला जरूर लिया जाएगा।

 

 

ईरान की नौसैनिक नाकेबंदी शुरू

दोनों तरफ से हो रही बमबारी के बीच अमेरिका ने ईरान की नौसैनिक नाकेबंदी शुरू कर दी है। ईरान का कहना है कि यह युद्धविराम समझौते का उल्लंघन है। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नागरिक ढांचों पर अगले हफ्ते बमबारी करने की धमकी दी है। अमेरिका का कहना है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पूरी तरह खुला है। जबकि ईरान का कहना है कि होर्मुज पर उसका ही नियंत्रण है। दोनों देशों के बीच होर्मुज पर नियंत्रण हासिल करने की जंग जारी है।

 

यह भी पढ़ें: सिंधु का नाम लेकर मरने की कसम क्यों खा रहे पाकिस्तानी, भारत ने ऐसा क्या किया?

दिन के उजाले में अमेरिका का हमला

अमेरिका सेना ने ईरान के समयानुसार दोपहर डेढ़ बजे हमले की एक नई लहर शुरू की है। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि, 'ये हमले ईरानी सेना की उन सैन्य क्षमताओं को और कमजोर करने के लिए किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल ईरानी सेना होर्मुज जलडमरूमध्य में वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करने में करती है। अमेरिकी सेना के मुताबिक वाशिंगटन डीसी के समयानुसार सुबह 6 बजे और तेहरान के समयानुसार दोपहर 1:30 बजे ईरान पर हमलों की एक नई लहर शुरू की गई है।