अखरोट खाना सेहत के लिए अच्छा माना जाता है लेकिन इसका सख्त छिलका तोड़ना कई बार काफी मुश्किल होता है। खासकर जब घर में नटक्रैकर यानी अखरोट तोड़ने वाला टूल न हो। ऐसे में लोग अखरोट को चाकू से खोलने या किसी भी भारी चीज से जोर से मारने की कोशिश करते हैं जिससे हाथ में चोट लगने या अखरोट की गिरी टूटने का डर रहता है। कुछ आसान घरेलू तरीकों की मदद से बिना नटक्रैकर के भी अखरोट का छिलका खोला जा सकता है।
इसके लिए आपको किसी खास सामान की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। घर में इस्तेमाल होने वाला बेलन या जरूरत पड़ने पर हल्के हथौड़े की मदद ली जा सकती है। हालांकि, अखरोट तोड़ते समय बहुत ज्यादा जोर लगाने से बचना जरूरी है। थोड़ा धैर्य और सही तरीका अपनाकर छिलके को आसानी से तोड़ा जा सकता है और अंदर की पूरी गिरी भी निकाली जा सकती है।
यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम का घेवर ट्रेंड क्या है, घर पर कैसे बनाएं? तरीका जान लीजिए
बेलन से तोड़ें अखरोट
बेलन तो सभी के घर में मौजूद रहता ही है। बेलन की मदद से अखरोट बहुत आसानी से तोड़ा जा सकता है। इसके लिए अखरोट को किसी मजबूत और सपाट जगह पर रखें। ऊपर से बेलन को धीरे-धीरे दबाते या हल्का सा घुमाते हुए इस्तेमाल करें। ज्यादा जोर लगाने की जरूरत नहीं है। जैसे ही छिलके में दरार आए, हाथ से इसे खोलकर अंदर की गिरी निकाल सकते हैं।
यह तरीका थोड़ा अलग है लेकिन काम आ सकता है। इसके लिए दो अखरोट लें और उन्हें हाथ की हथेली में इस तरह रखें कि एक अखरोट का उभरा हुआ हिस्सा दूसरे के दबे हुए हिस्से पर टिके। अब दोनों को हाथ से मजबूती से दबाएं। दबाव पड़ने पर एक अखरोट का छिलका टूट सकता है। हालांकि, यह तरीका हर अखरोट पर एक जैसा काम नहीं करेगा क्योंकि छिलके की मोटाई अलग-अलग हो सकती है।
अगर अखरोट का छिलका बहुत ज्यादा सख्त है तो छोटे हथौड़े की मदद भी ली जा सकती है। अखरोट को किसी मजबूत सतह पर रखें और ऊपर से हल्का सा दबाव या हल्का सा उस पर मारे। एक बार में बहुत तेजी से न मारे क्योंकि इससे अखरोट की गिरी भी टूट सकती है और छिलके के छोटे टुकड़े फैल सकते हैं।
चाकू से अखरोट तोड़ने की कोशिश न करें
अखरोट का छिलका खोलने के लिए तेज चाकू का इस्तेमाल करना ठीक नहीं है। चाकू फिसलने पर हाथ में चोट लग सकती है। अगर किसी घरेलू टूल का इस्तेमाल कर रहे हैं तो अखरोट को हाथ में पकड़कर उस पर न मारे। इसे हमेशा किसी स्थिर और मजबूत सतह पर रखकर ही खोलें। आंखों को भी छिलके के छोटे टुकड़ों से बचाना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: ऑफिस में दिनभर बैठे रहते हैं? 5 आसान एक्सरसाइज जो आपको रखेंगी फिट
दरवाजे की चौखट से खोलें अखरोट
अखरोट को दरवाजे की चौखट और दरवाजे के बीच वाली जगह पर रखें। अब दरवाजे को बहुत हल्के दबाव से बंद करें। दबाव पड़ने पर अखरोट के सख्त छिलके में दरार आ सकती है। इसके बाद दरवाजा खोलकर छिलका हाथ से अलग कर लें। बहुत ज्यादा जोर न लगाएं क्योंकि इससे अखरोट की गिरी टूट सकती है।
अखरोट खाने का सही तरीका
अखरोट को रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाना एक आसान तरीका है। इसके लिए रात में 2 अखरोट पानी में भिगो दें और अगले दिन सुबह इन्हें खा सकते हैं। कुछ लोग अखरोट को दूध में हल्का उबालकर भी खाते हैं। अखरोट पौष्टिक होता है लेकिन इसमें कैलोरी और फैट की मात्रा ज्यादा होती है। इसलिए इसे जरूरत से ज्यादा नहीं खाना चाहिए। अगर आपको लगता है कि अखरोट खाने से शरीर में गर्मी बढ़ती है तो मात्रा सीमित रखना बेहतर है। आमतौर पर थोड़ी मात्रा में अखरोट को अपनी डाइट में शामिल किया जा सकता है।
