इन दिनों इंस्टाग्राम पर घेवर बनाने का ट्रेंड काफी देखने को मिल रहा है। लोग घर पर घेवर बनाकर उसकी रेसिपी और वीडियो शेयर कर रहे हैं। खासकर सावन और त्योहारों के मौसम में घेवर की मांग बढ़ जाती है। बाजार से घेवर खरीदने के बजाय कई लोग इसे गर पर बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही इस आसान रेसिपी ने लोगों की दिलचस्पी बढ़ा दी है।
घेवर राजस्थान की मशहूर मिठाई है जिसे खासतौर पर सावन और तीज के मौके पर बनाया और खाया जाता है। इसका स्वाद और जालीदार बनावट इसे दूसरी मिठाइयों से अलग बनाती है। अगर आप भी इंस्टाग्राम पर घेवर बनाने के वीडियो देखकर इसे घर पर ट्राई करना चाहते हैं तो इसे कुछ आसान चीजों से बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: ऑफिस में दिनभर बैठे रहते हैं? 5 आसान एक्सरसाइज जो आपको रखेंगी फिट
घर पर घेवर बनाने के लिए सामग्री
घेवर बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए:
- 2 कप मैदा
- 4 बड़े चम्मच घी
- करीब 4 कप ठंडा पानी
- आधा कप दूध
- 1 कप चीनी
- 2-3 इलायची
- तलने के लिए घी या तेल
- सजाने के लिए बादाम और पिस्ता
- चाहें तो ऊपर से रबड़ी या मलाई
सबसे पहले तैयार करें घोल
घेवर अच्छा बनाने के लिए सबसे जरूरी उसका घोल है। इसके लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में घी लें। इसमें 2-3 बर्फ के टुकड़े डालकर घी को अच्छी तरह फेंटे। जब घी हल्का और क्रीमी जैसा दिखने लगे तो इसमें थोड़ा-थोड़ा करके मैदा डालें।
अब इसमें ठंडा पानी डालते हुए लगातार फेंटते रहें। इसके बाद दूध डालें और फिर पानी मिलाएं। घोल को इतना पतला रखें कि वह चम्मच से आसानी से धार की तरह गिर सके। अगर आपको घोल गाढ़ा लगे तो थोड़ा और ठंडा पानी मिला सकते हैं।
यह भी पढ़ें: बुजुर्गों के साथ जा रहे हैं घूमने? इन बातों का रखें ध्यान, सफर होगा आसान
अब घेवर बनाने की बारी
एक गहरी और चौड़ी कड़ाही या बर्तन लें। इसमें घी या तेल भरकर अच्छी तरह गर्म करें। घेवर बनाने के लिए बर्तन काफी गहरा होना चाहिए क्योंकि घोल डालते समय तेल या घी ऊपर आ सकता है। जब घी अच्छी तरह गर्म हो जाए तो एक चम्मच या छोटी कटोरी में थोड़ा घोल लें। इसे कड़ाही के बीज से करीब 1-2 फीट ऊपर रखकर बहुत पतली धार में डालें। घोल डालते समय कोशिश करें कि यह सिर्फ बीच में एक जगह न गिरे बल्कि हल्का फैलता जाए।
घोल डालने के बाद कुछ सेकंड रुकें। जब बुलबुले थोड़े कम हो जाएं तो फिर से थोड़ा घोल डालें। इसी तरह 4-5 बार घोल डाल सकते हैं। हर बार घोल डालने से पहले बीच में बनी जगह को हल्का खुला रखें ताकि घेवर की जालीदार बनावट बनी रहे। अब घेवर को मीडियम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक पकाएं। तैयार होने पर इसे सावधानी से निकालकर कुछ देर रखें ताकि अतिरिक्त घी निकल जाए। अब एक पैन में चीनी और थोड़ा पानी डालकर हल्की चाशनी तैयार करें। इसमें इलायची डाल सकते हैं। तैयार घेवर पर हल्की गर्म चाशनी डालें लेकिन ज्यादा चाशनी न डालें वरना घेवर की कुरकुराहट कम हो सकती है।
रबड़ी से करें सजावट
अगर आपको मलाईदार घेवर पसंद है तो इसके ऊपर ठंडी रबड़ी डाल सकते हैं। इसके बाद कटे हुए बादाम, पिस्ता और थोड़ी इलायची डालकर इसे सजा दें। चाहें तो ऊपर से केसर के कुछ धागे भी डाल सकते हैं।
घेवर बनाते समय इन बातों का रखें ध्यान
घेवर बनाते समय घोल पतला होना चाहिए और घी या तेल अच्छी तरह गर्म होना चाहिए। घोल को हमेशा पतली धार में डालें और एक साथ बहुत ज्यादा घोल न डालें। हर परत के बीच थोड़ा समय दें ताकि जाली अच्छी तरह बन सके। साथ ही, कड़ाही में घोल डालते समय सावधानी रखें क्योंकि गर्म घी या तेल के छींटे पड़ सकते हैं।