श्री कृष्णा न्यास संघर्ष समिति के अध्यक्ष दिनेश शर्मा फलाहारी ने उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को एक चिट्ठी लिखी है। फलहारी महाराज ने इस चिट्ठी में कुछ सनसनीखेज दावे किए हैं। महाराज के अनुसार प्रेमानंद महाराज के आश्रम में एक भू-माफिया ग्रुप एक्टिव है जिसने विराट कोहली को आश्रम बुलाने के लिए 5 करोड़ की डील की थी।

 

इस पत्र में फलहारी महाराज ने यह भी दावा किया है कि प्रेमानंद महाराज की जान केली कुंज आश्रम में सुरक्षित नहीं है। पत्र में उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से प्रेमानंद महाराज को जेड-प्लस सुरक्षा की मांग की है। उनके इस पत्र के बाद अब मामला सुर्खियों में आ गया है। 

 

यह भी पढ़ें: जमीन विवाद सुलझाने गई पुलिस पर हमला, महिला सिपाही समेत 6 पर FIR दर्ज

कोहली को लेकर क्या दावा किया गया?

विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा पहली बार 4 जनवरी 2023 को श्री हित राधा केली कुंज पहुंचे थे। दोनों ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। फलाहारी महाराज का आरोप है कि विराट कोहली को आश्रम लाने के लिए करीब 5 करोड़ रुपये खर्च किए गए। उन्होंने दावा किया कि आश्रम के भीतर एक कथित भू-माफिया और बिल्डर लॉबी सक्रिय है और इसी लॉबी ने अपने निजी हितों के लिए विराट कोहली को आश्रम बुलाया था। 

 जेड-प्लस सुरक्षा की मांग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में फलाहारी महाराज ने दावा किया कि कथित बिल्डर लॉबी अब उस रकम को वापस पाने की कोशिश कर रही है। उनका आरोप है कि इस पूरे मामले में प्रेमानंद महाराज के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा है और इससे उनकी सुरक्षा को खतरा पैदा हो सकता है। इसी आधार पर फलाहारी महाराज ने उत्तर प्रदेश सरकार से प्रेमानंद महाराज को जेड-प्लस सुरक्षा देने की मांग की है।

क्या आश्रम में दो गुट सक्रिय हैं?

फलाहारी महाराज के पत्र में आश्रम के भीतर कथित तौर पर अलग-अलग गुटों के सक्रिय होने का भी दावा किया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि आश्रम के भीतर ऐसे किसी गुट या कथित भू-माफिया-बिल्डर लॉबी की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि हुई है या नहीं। इसलिए फिलहाल इसे फलाहारी महाराज का आरोप ही माना जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: मनाली से अमृतसर जा रही वॉल्वो बस फ्लाईओवर पर पलटी, 4 की मौत

आश्रम को लेकर हो रहे विवाद

वृंदावन आश्रम पिछले कुछ समय से विवादों के साये में घिरा हुआ है। बीते 25 सितंबर को आश्रम के एक शिष्य रसिक दुलारी ने छत से कूदकर जान दे दी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विवाद और गहरा हो गया। रिपोर्ट के अनुसा,र रसिक ने छत से कूदने से पहले ग्राइंडर से अपने प्राइवेट पार्ट को काट डाला था। इस विवाद के बाद आश्रम पर हर रोज नए दावे किए जा रहे हैं।