देशभर में मौसम की गतिविधियां जारी हैं। उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में बादल छाए हुए हैं और कई जगहों पर तो तेज हवाओं के साथ-साथ बारिश और ओले ने लोगों की समस्या को बढ़ा दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक अभी मौसम इसी प्रकार का रह सकता है। हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर, यूपी, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में  तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में तो मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी। 

 

देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मार्च की शुरुआत में तेजी से तापमान में बढ़ोतरी हुई थी लेकिन अब फिर से सर्दी की एंट्री हो चुकी है। पिछले 3 दिनों से बादल छाए हुए हैं और छिटपुट बारिश भी हो रही है। इसके साथ ही तेज हवाएं भी चल रही हैं, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कमी आई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए गरज-चमक के साथ मौसमी गतिविधियां होने का येलो अलर्ट घोषित किया है। इसके साथ ही ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली वालों को वायु प्रदूषण से राहत मिलती नजर आ रही है। 

 

यह भी पढ़ें: गठबंधन करने में 5 साल लग गए, अखिल गोगोई के लिए इतनी बेताब क्यों थी कांग्रेस?

यूपी-बिहार का मौसम

दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश में भी मौसम की गतिविधियां जारी हैं।  बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के साथ गिरी बौछारों से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कई डिग्री सेल्सियस की कमी आई और लोगों को गर्मी के बजाय सर्दी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने  मेरठ, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, संभल, हापुड़, नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर, आगरा, मथुरा, हाथरस, कासगंज, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, कन्नौज, औरैया और कानपुर में अगले कुछ घंटों तक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान ओले गिरने का भी अलर्ट है, जिससे किसानों को परेशानी हो सकती है। 

 

मौसम विभाग ने बिहार में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार,  मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया और बांका में आंधी-बारिश और ओेले गिरने की संभावना है। लगातार जारी मौसम की गतिविधियों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ घंटों में भी तापमान सामान्य से कम रहेगा। 

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान का मौसम

पंजाब और हरियाणा में लगातार मौसम की गतिविधियां जारी हैं और इस बेमौसम बारिश से किसान  परेशान हैं। कई जगहों पर तो ओले गिरने से किसानों की फसलों को नुकसान हो गया है। फसलों की कटाई के सीजन में इस बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गेंहूं समेत कई अन्य फसलें खराब हो गई हैं। बारिश और तेज हवाओं के कारण न्यूनतम तापामान में गिरावट दर्ज की गई है। अगले कुछ घंटों में भी हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। 

 

वहीं, राजस्थान की बात करें तो राजस्थान में भी पिछले 72 घंटों से मौसम की गतिविधां जारी हैं। राज्य के कई जिलों पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंधी के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश रिकॉर्ड की गई है, जिससे न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार,  अगले 24 घंटे के दौरान भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में हल्ली बारिश हो सकती है।

 

यह भी पढ़ें: आपत्तिजनक स्थिति में मिली महिला, पंचायत ने पति के दोस्त से शादी करवा दी

 

अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले हिस्सों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। इन राज्यों में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 5 दिन तक तीनों राज्यों के पर्वतीय भागों पर मौसमी गतिविधियां जारी रहेंगी। हालांकि, मैदानी इलाकों में आंशिक प्रभाव ही रहेगा और किसी बड़े मौसमी उलटफेर की गुंजाइश नहीं है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत में भी अगले 24 घंटों के दौरान बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ जिलों में भी मौसम विभाग ने आंधी-बारिश का अलर्ट घोषित है।