दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित इंडिया गठबंधन की रैली में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग अंगद का पैर कहने की बात करते हैं, उन्हें समझना चाहिए कि जब जमीन ही नहीं बची है तो पैर कहां रखेंगे। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए एमएलसी चुनाव पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि खुशी है कि काशी की जनता ने 'डबल इंजन' की सरकार को 'डबल जीरो' दिया है।
वोट काटने के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा, 'रामलीला मैदान की ताकत और इंडिया गठबंधन की आवाज से बीजेपी के लोगों को भी याद आ रहा है कि उनके भी वोट कट गए हैं। अगर मैं यह बात कहूं कि एक करोड़ 27 लाख वोट कटे हैं। अगर उसका 403 विधानसभाओं का गणित लगा दें तो 31 हजार वोट हर विधानसभा में उनके (बीजेपी) कम हुए हैं। सच्चाई तो यह है कि वह अपनी हार का ठीकरा किसी अन्य पर फोड़ना चाहता हैं।'
शाह के बयान पर अखिलेश का तंज
30 अक्टूबर में लखनऊ में आयोजित बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि यूपी में बीजेपी अंगद का पाव है। इसे कोई हिला नहीं सकता है। रामलीला मैदान से अखिलेश यादव ने शाह के बयान पर तंज कसा और कहा, 'जो लोग यह कहकर आए हैं कि 'अंगद का पैर' है। वो लोग जानते हैं कि जमीनी ही नहीं बची है तो पैर कहां रखोगे।'
'काशी की जनता ने डबल जीरो दिया है'
वाराणसी में सपा के एमएलसी चुनाव जीतने पर अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग डबल इंजन की सरकार का दावा करते थे, मुझे खुशी है कि काशी की जनता ने उन्हें 'डबल जीरो' दिया है।
'बंगाल का चुनाव लूटा गया'
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया, 'आप और हमने देखा है कि बीजेपी लगातार साजिशें रच रही है। वो जानती है कि वे जनता के बीच जीत नहीं सकते। उन्होंने चुनाव आयोग के माध्यम से रास्ता अपनाया है। उन्होंने बंगाल का चुनाव लूटा है। बंगाल के चुनाव की तस्वीरों को कोई भूल नहीं सकता कि लाखों की फौज लगा करके और चुनाव से पहले एसआईआर कराकर पूरे के पूरे वोट कटवा दिए गए थे। हम इंडिया गठबंधन के लोग हार मानने वाले नहीं है।'
वोट चोरी के कारण नहीं बनी सपा की सरकार
अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2022 में वोट चोरी के कारण सपा की सरकार नहीं बनी। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, '2022 में जिस समय यूपी में चुनाव हुआ था। हम लोग सरकार नहीं बना पाए। उसका कारण यह नहीं था। उसका कारण यही था कि उन्होंने वोट चोरी किए थे। वोटर लिस्ट से वोट हटा दिए थे। चुनाव आयोग से कहा गया कि आप ने समाजवादी पार्टी के हजारों वोटों को चिह्नित करके हटाए हैं। मुझे याद है कि उन्होंने मुझे नोटिस दिया था कि आप किस आधार पर यह कह रहे हैं।
भाजपा खुद को बचा नहीं पाएगी
अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग विश्वगुरु बनने की बात करते थे, वे मतदाता सूची में चोरी करते हैं। लोकतंत्र बचाने की शुरुआत उत्तर प्रदेश से होगी। रामलीला मैदान लोकतंत्र की हल्दीघाटी बन गया है। नया इतिहास लिखा जा रहा है। परिवर्तन कभी भी आ सकता है। अगली पीढ़ी उन पर बरसाई गई हर लाठी और दिए गए हर जख्म का बदला लेगी, भाजपा खुद को बचा नहीं पाएगी।
