देश के 3 राज्यों की 3 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। बिहार, मध्य प्रदेश और गुजरात की विधानसभा उपचुनाव के नतीजे आने वाले हैं। बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। भारतीय जनता पार्टी, दोनों सीटों को अपनी पारंपरिक सीट मानती है, वहीं गुजरात के मांजलपुर को भी बीजेपी बचाने की कोशिश कर रही है। 30 जुलाई को इन सीटों पर मतदान हुआ था।

बांकीपुर सीट बीजपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने की वजह से खाली हुई थी, जबकि दतिया में कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सजा के चलते उपचुनाव हुआ। गुजरात की मंजलपुर सीट पर मौजूदा विधायक के निधन की वजह से उपचुनाव कराए जा रहे हैं। 

मंजलपुर में बीजेपी के सतीश गोविंदभाई पटेल और कांग्रेस के भिखाभाई रबारी के बीच सीधा मुकाबला है। बांकीपुर में बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को टिकट दिया है, जबकि जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल की रेखा कुमारी भी मैदान में हैं। दतिया में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के समर्थन वाले बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी का मुकाबला कांग्रेस के घनश्याम सिंह से है। तीनों सीटों पर कौन जीत रहा है, रुझानों में कौन आगे है, पढ़े लाइव ब्लॉग में। 

पढ़ें लाइव अपडेट-

10:12 am

वडोदरा की मांजलपुर सीट पर बीजेपी को बढ़त

वडोदरा की मांजलपुर सीट पर बीजेपी को बढ़त है। कांग्रेस लगातार पीछे छूट रही है। यह सीट बीजेपी की पारंपरिक सीट है। कांग्रेस के लिए यहां कभी राह आसान नहीं रही है। 

10:11 am

दतिया में BJP आगे ही रहेगी: नरोत्तम मिश्रा

बीजेपी के नेता नरोत्तम मिश्रा ने कहा है, 'हमेशा मैंने कहा है कि बीजेपी ही जीतेगी। राजेंद्र भारती पहले भी निष्कासित हो चुके हैं। भ्रष्टाचार पहले ही वह कर चुके है। 4 पार्टियों से चुनाव लड़ चुके है। घनशयाम सिंह ये बातें बोल चुके हैं, उन्हीं की बात दोहरा रहा हूं।'

 

10:08 am

दतिया में बीजेपी प्रत्याशी को बढ़त

दतिया विधानसभा में बीजेपी उम्मीदवार आगे चल रहा है। पहले 2 राउंड में कांग्रेस आगे चल रही थी। 

10:06 am

प्रशांत किशोर आगे, नितिन नबीन का गढ़ गंवाएगी बीजेपी?

जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार से आगे चल रहे हैं।  वह 800 से ज्यादा आगे हैं। 

8:39 am

दतिया के मतगणना पर अधिकारियों ने क्या कहा?

दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना पर दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कहा, 'सबसे पहली जिम्मेदारी है कि वहां बैठे एजेंट संतुष्ट हों। पारदर्शिता में कोई कमी नहीं आएगी। 8 बजे पोस्टल बैलेट और 8.30 बजे EVM का राउंड शुरू होगा।'

 

7:29 am

बांकीपुर में त्रिकोणीय मुकाबला, कौन पड़ेगा भारी?

बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी। इस खाली सीट पर उपचुनाव हो रहा है। बीजेपी ने यहां नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार बनाया है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चुनावी मैदान में उतरे हैं। वहीं राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की ओर से रेखा कुमारी उम्मीदवार हैं। त्रिकोणीय मुकाबले में बीजेपी अपना गढ़ बचा पाएगी या नहीं, इस पर सबकी नजरें टिकी हैं।

7:28 am

नरोत्तम मिश्रा की नारजगी बीजेपी पर भारी पड़ेगी?

कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को दिल्ली कोर्ट से 3 साल की सजा मिलने के बाद उनकी दतिया विधायकी समाप्त हो गई। 2023 में उन्होंने भाजपा के नरोत्तम मिश्रा को हराया था। इस बार बीजेपी ने नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया, जिसके कारण उनके समर्थकों व पुलिस के बीच हिंसा हुई। नरोत्तम मिश्रा ने बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को पूरा समर्थन देने का भावुक होकर ऐलान किया। दतिया में मुख्य मुकाबला बीजेपी के आशुतोष तिवारी बनाम कांग्रेस के घनश्याम सिंह के बीच है।

7:07 am

'बीजेपी हारी तो सम्राट चौधरी इस्तीफा दें'

प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि चुनाव के नतीजे आने के बाद सम्राट चौधरी को डरने की जरूरत है। अगर बीजेपी की हार होती है तो बीजेपी की हार की नैतिक जिम्मेदारी सम्राट चौधरी को लेनी चाहिए, मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देना चाहिए।