केंद्र सरकार ने जनगणना 2027 के पहले चरण के लिए 33 सवालों की लिस्ट जारी कर दी है। यह चरण घरों की सूची बनाने से लेकर घरों की गिनती तक से जुड़ा है। 1 अप्रैल 2026 से इसकी शुरुआत हो रही है। साल 2011 की जनगणना में पहले चरण में 29 सवाल थे, अब बढ़ाकर 33 कर दिए गए हैं। कुछ पुराने सवालों को अलग-अलग करके और नए जोड़कर ये बढ़ाए गए हैं। आम लोगों से क्या पूछा जाएगा, इसकी लिस्ट अब सार्वजनिक है।

पहले चरण की जनगणना में कुछ बुनियादी सवाल आपसे पूछे जाएंगे, जैसे- घर में इंटरनेट की सुविधा है या नहीं? स्मार्टफोन है या नहीं, और किस तरह का मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हैं, घर में मुख्य रूप से कौन सा अनाज खाया जाता है? बैंकिंग सुविधा वाला सवाल इस बार हटा दिया गया है। साल 2027 की हाउसलिस्टिंग प्रक्रिया में यह भी पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि नागरिकों के पास स्मार्टफोन हैं या नहीं, साथ ही यह भी पूछा जाएगा कि वे किस तरह के मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हैं। 

यह भी पढ़ें: दो बातें, जो 2027 की जनगणना को बनाती हैं सबसे खास; 2011 से क्या कुछ अलग होगा?

कौन से हैं 33 सवाल जो आपसे पूछे जाएंगे?

  • मकान का नंबर, नगर निगम, पंचायत या जनगणना वाला नंबर
  • जनगणना में दिया गया मकान नंबर  
  • मकान के फर्श में मुख्य रूप से क्या सामग्री लगी है?
  • मकान की दीवारों में मुख्य रूप से क्या सामग्री है?
  • मकान की छत में मुख्य रूप से क्या सामग्री है?
  • ये मकान किस काम के लिए इस्तेमाल होता है? 
  • मकान की हालत कैसी है?
  • परिवार का क्रमांक  
  • इस परिवार में कुल कितने लोग आमतौर पर रहते हैं? 
  • परिवार के मुखिया, घर के मालिक, प्रमुख व्यक्ति का नाम  
  • मुखिया पुरुष हैं या महिला?  
  • क्या मुखिया अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) या अन्य वर्ग से हैं?  
  • मकान किसका है?
  • परिवार के पास रहने के लिए कुल कितने कमरे हैं?  
  • परिवार में कितने विवाहित जोड़े रहते हैं?  
  • पीने का पानी मुख्य रूप से कहां से आता है?
  • पानी कितनी आसानी से मिलता है?
  • घर में मुख्य रूप से रोशनी का साधन क्या है? 
  • घर में शौचालय है या नहीं?  
  • शौचालय किस तरह का है?
  • गंदा पानी कहां जाता है?
  • घर में नहाने की जगह है या नहीं?  
  • रसोईघर है? और एलपीजी/पीएनजी गैस कनेक्शन है या नहीं?  
  • खाना पकाने के लिए मुख्य ईंधन क्या इस्तेमाल होता है?
  • क्या घर में रेडियो/ट्रांजिस्टर है?  
  • क्या टेलीविजन है?  
  • क्या इंटरनेट की सुविधा है?  
  • क्या लैपटॉप या कंप्यूटर है?  
  • क्या टेलीफोन, मोबाइल या स्मार्टफोन है?  
  • क्या साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल या मोपेड है?  
  • क्या कार, जीप या वैन है?  
  • परिवार में मुख्य रूप से कौन सा अनाज खाया जाता है?
  • मोबाइल नंबर 

यह भी पढ़ें: हर दिन 21 करोड़ खर्च होंगे, 2027 की डिटिजल जनगणना का पूरा प्लान समझिए

जनगणना 2027 के पहले चरण में क्या होगा?

पहले चरण में मतगणना अधिकारी, हाउसलिस्टिंग ऑपरेशन प्रक्रिया को पूरा करेंगे। इस साल 1 अप्रैल से 30 सितंबर के बीच हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश की ओर से तय 30 दिनों की अवधि में इसे पूरा किया जाएगा। दूसरा चरण, जनसंख्या गणना है, जिसे अगले साल फरवरी में पूरा किया जाएगा।  

पहले चरण की प्रश्नावली की अधिसूचना गृह मंत्रालय द्वारा जारी की गई है, रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त के कार्यालय ने कहा कि दूसरे चरण, जनसंख्या गणना की प्रश्नावली सही समय पर जारी की जाएगी। 

 

यह भी पढ़ें: हिंदू, मुस्लिम, सिख या ईसाई, किस समुदाय में है ज्यादा गरीबी? आंकड़ों से समझिए

 

केंद्र का निर्देश क्या है?

सभी जनगणना अधिकारी, उन स्थानीय क्षेत्रों की सीमाओं के भीतर, जिनके लिए उन्हें क्रमशः नियुक्त किया गया है, भारत की जनगणना 2027 के संबंध में हाउसलिस्टिंग और आवास जनगणना अनुसूची के माध्यम से जानकारी इकट्ठा करने के लिए नीचे सूचीबद्ध मदों पर सभी व्यक्तियों से सभी ऐसे सवाल पूछ सकते हैं।