बीते कुछ महीने से देश की राजधानी दिल्ली में कई प्रदर्शन हुए हैं। पहले पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन हुआ और अब चुनाव में गड़बड़ी के आरोपों को लेकर बार-बार प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन प्रदर्शनों के बहाने अब कांग्रेस को घेरा है। पीएम मोदी ने कहा है कि कांग्रेस परजीवी बन गई है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ आंदोलन जो सिस्टम में सुधार के लिए होते हैं उन्हें भी कांग्रेस तबाह कर देती है। कांग्रेस में वामपंथी विचारधारा के लोगों के उभार की ओर इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जो लोग पहले जंगलों में विनाश करते थे वे अब कांग्रेस में शामिल होकर देश का सर्वनाश करने पर तुले हुए हैं।
पीएम मोदी ने कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि वह संसद इसलिए नहीं चलने देना चाहती ताकि लाइमलाइट सिर्फ एक नेता पर रहे। उन्होंने कहा कि इसका नुकसान ईमानदार आलोचकों को हो रहा है और कांग्रेस इस तरह से विपक्ष के युवा सांसदों के साथ बहुत अन्याय करती है।
यह भी पढ़ें: पुलिस की पूछताछ में नहीं पहुंचे आशुतोष और सौरव, दोबारा भेजा जा सकता है नोटिस
कांग्रेस पर क्या बोले PM मोदी?
कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'ऐसे आंदोलन जो स्वाभाविक रूप से सरकार की कमियों को उजागर करना चाहते हैं। जो वाकई सिस्टम में सुधार करना चाहते हैं और लोकतंत्र में यह भी आवश्यक है लेकिन उन्हें भी कांग्रेस तबाह कर देती है। कांग्रेस वह परजीवी बन गई है जो किसी को आगे नहीं बढ़ने देना चाहती।'
उन्होंने आगे कहा, 'दिमागी नक्सलियों ने कांग्रेस के दिमाग पर ऐसा कब्जा कर लिया है कि अब उसने खुद के सोचने की क्षमता ही खो दी है। जो जंगलों में विनाश करते थे। वे अब कांग्रेस में घुसकर देश का सर्वनाश करने पर तुले हुए हैं। इन सारी चुनौतियों के बीच हमारे सामने विकसित भारत का विराट लक्ष्य है।'
यह भी पढ़ें: दिग्विजय की यात्रा में बच्चों ने लगाए 'चंदा चोर' के नारे, NHRC ने भेज दिया नोटिस
राहुल गांधी पर भी जमकर बरसे PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि गांधी परिवार अब कांग्रेस पर बोझ बन चुका है। उन्होंने आगे कहा, 'दुनिया-जहान नए ऑर्डर की तलाश में है और कुछ लोग भारत में डिसऑर्डर के सपने देख रहे हैं। आज जब दुनिया में इतनी अव्यवस्था है तो एक मजबूत भारत की तस्वीर में दुनिया में जानी चाहिए लेकिन ये लोग भारत की प्रतिष्ठा को ही मिट्टी में मिलाने पर तुले हुए हैं। ये लोग विदेश में जाकर भारत को बदनाम करते हैं। विदेशियों से दखल की अर्जी लगाते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'पता नहीं कांग्रेस कब तक अपने फेल्ड प्रोडक्ट की लॉन्चिंग के लिए देश को दांव पर लगाती रहेगी। साल भर में हमारे श्रीहरिकोटा से उतनी लॉन्चिंग नहीं होती जितनी एक साल में कांग्रेस के लोग अपने नेता को लॉन्च करने की विफल कोशिश कर लेते हैं। कांग्रेस को अपनी जो दुर्दशा करनी हो करे, इससे हमें कोई समस्या नहीं है लेकिन अपने परिवार को लगातार नाकामी के दाग से बचाने के लिए कांग्रेस अब भारत की उपलब्धियों, अच्छाइयों और प्रगति को ही कटघरे में खड़ा कर रही है।'
