दिल्ली में जारी प्रदर्शन के बीच अब कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता लोक कल्याण मार्ग पर प्रधानमंत्री आवास के पास प्रदर्शन कर रहे हैं। खुद नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इसकी अगुवाई कर रहे हैं। उनके साथ प्रियंका गांधी समेत तमाम वरिष्ठ नेता भी मौजूद हैं। ये नेता 'प्रधानमंत्री इस्तीफा दो' के नारे लगा रहे हैं। इससे पहले राहुल गांधी राम मनोहर लोहिया अस्पताल गए थे। उन्होंने वहां भर्ती घायल प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और सरकार पर सवाल उठाए। संसद में भी राहुल गांधी ने यही कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी इस्तीफा दे देना चाहिए।
रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गांधी कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के घर गए थे और वहां से पैदल ही प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ गए। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के अलावा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, के सी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा और तमाम नेता मौजूद रहे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी वहां पहुंचे और राहुल गांधी से बात की।
यह भी पढ़ें: 'सबको एकजुट करना चाहती हूं, मेरा कोई ईगो नहीं', ममता बनर्जी ने फिर उठाई आवाज
क्या बोले राहुल गांधी?
इस प्रदर्शन के बारे में राहुल गांधी ने अपने X प्रोफाइल पर लिखा है, 'प्रधानमंत्री से जवाब मांगने के लिए हमने उनके आवास तक मार्च किया। कल युवाओं पर हुए अत्याचार के खिलाफ हम सवाल पूछने आए हैं। सरकार या तो कोई जिम्मेदारी लेना नहीं चाहती है या फिर वह संसद में इस पर बहस करना चाहती है? भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।'
कांग्रेस के इस प्रदर्शन की खबरें मिलने के बाद पैरामिलिट्री फोर्सेज लोक कल्याण पर पहुंच गई हैं और कांग्रेस नेताओं को हटाने की कोशिश हो रही है। कांग्रेस के ज्यादातर नेताओं को पुलिस और सुरक्षाबलों ने हिरासत में ले लिया है और उन्हें लोक कल्याण मार्ग से हटाया जा रहा है।
इसके बारे में कांग्रेस के नेता और सांसद जयराम रमेश ने कहा, 'हमारी मांग है कि इस मामले पर गृहमंत्री संसद में जवाब दें और इस पर चर्चा हो। हम चाहते हैं कि वह इस पर बयान जारी करें क्योंकि हमारे लोकतंत्र और संविधान की हत्या हो रही है और छात्रों पर अत्याचार हो रहा है। हम पिछले 45 दिन से शिक्षामंत्री का इस्तीफा मांग रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: IIT रुड़की ने छात्रों को प्रदर्शन में शामिल होने से रोका? अब आ गई सफाई
प्रदर्शन का अनोखा अंदाज
इस प्रदर्शन में यह भी देखा गया कि कांग्रेस के नेता अपने हाथ बांधे हुए नजर आए। राहुल गांधी ने सभी नेताओं को वह क्लिप बांटी जिससे वे अपने हाथ बांध सकें। इसके जरिए कांग्रेस ने अनोखा संदेश देने की कोशिश की। जब पुलिसवालों ने राहुल गांधी को आगे बुलाया तो वह अपना बंधा हुआ हाथ दिखाने लगे। ये नेता अपना हाथ हथकड़ी में बंधा हुआ दिखा रहे थे।
