दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई शहरों में सर्दियों की शुरुआत के साथ हवा की गुणवत्ता बिगड़ने लगी है। दिवाली के बाद तो स्थिति और भी ज्यादा खराब हो गई है और लोगों की चिंता लगातार बढ़ रही है। कहीं धुंध की मोटी चादर दिखाई दे रही है तो कहीं सांस लेना मुश्किल हो रहा है। दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंता बढ़ा रहा है और कई गंभीर सवाल खड़े कर रही है। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश के कई शहरों की हवा अपेक्षाकृत साफ बनी हुई है। खास बात यह है कि पिछले कुछ सालों में जहां दिल्ली में प्रदूषण बढ़ा है, वहीं हिमाचल में प्रदूषण कम हुआ है।
पहाड़ों पर जंगल, हरियाली और कम औद्योगिक गतिविधियों के साथ-साथ प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास भी इसकी एक वजह माने जा रहे हैं। हिमाचल में पिछले कुछ वर्षों के आंकड़े भी कई शहरों में बेहतर वायु गुणवत्ता की तस्वीर दिखाते हैं। हालांकि, इसे पूरे प्रदेश में प्रदूषण लगातार घटने का प्रमाण मानना सही नहीं होगा।
यह भी पढ़ें: '80-20 नहीं, अब 95-5 की लड़ाई' अखिलेश यादव ने CM योगी के बयान पर किया पलटवार
क्या कहते हैं आंकड़े?
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) और हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (HPSPCB) के आंकड़ों को देखें तो दोनों जगहों की स्थिति में बड़ा अंतर नजर आता है। दिल्ली में साल 2021 में PM2.5 का सालाना औसत स्तर 105 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था। 2022 में यह घटकर 98 हुआ, लेकिन 2023 में फिर बढ़कर 100 और 2024 में 105 तक पहुंच गया। साल 2025 में इसमें कुछ सुधार हुआ और यह 97 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।
PM10 खतरनाक स्तर पर
PM10 के आंकड़े भी दिल्ली की मुश्किल बताते हैं। साल 2021 और 2022 में इसका सालाना औसत 211 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। 2023 में यह 206 और 2024 में 212 दर्ज किया गया। 2025 में घटकर 198 हुआ। इसके बावजूद यह राष्ट्रीय वार्षिक मानक 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से तीन गुना से भी ज्यादा है। PM2.5 का राष्ट्रीय वार्षिक मानक 40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर है। इस लिहाज से दिल्ली में प्रदूषण की चुनौती अब भी गंभीर बनी हुई है।
हिमाचल में सुधार
हिमाचल प्रदेश की तस्वीर कुछ अलग है। राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की साल 2022-23 की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक शिमला के एक मॉनिटरिंग स्टेशन पर PM2.5 का सालाना औसत 19 और दूसरे पर 16 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। धर्मशाला में यह 13 से 21 के बीच रहा, जबकि मनाली के एक स्टेशन पर 23 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था। सुंदरनगर के दोनों स्टेशनों पर यह 24 और 27 दर्ज किया गया। इन शहरों में PM2.5 का स्तर राष्ट्रीय वार्षिक मानक 40 से नीचे रहा।
PM10 के मामले में भी शिमला, मनाली और धर्मशाला जैसे शहरों की स्थिति बेहतर दिखाई देती है। CPCB के साल 2020 के मैनुअल मॉनिटरिंग आंकड़ों में शिमला के दो स्टेशनों पर PM10 का सालाना औसत 42 और 46 था। धर्मशाला में यह 39 और मनाली में 27 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। वहीं, हिमाचल के औद्योगिक क्षेत्रों में स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी। 2022-23 की रिपोर्ट में नालागढ़ में PM10 का सालाना औसत 188 और कालाअंब में 111 दर्ज किया गया। यानी पहाड़ी राज्य के सभी इलाके प्रदूषण से मुक्त नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: 'NRI को खुश करना है, 30 हजार तक मिलेंगे', NSUI के अनस खान का मामला क्या है?
हवा शुद्ध होने के कारण
पर्यावरण विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के मुख्य वैज्ञानिक सुरेश अग्निहोत्री ने इस सुधार के पीछे कई कारण बताए हैं। उनके मुताबिक, लोगों में पर्यावरण को लेकर जागरूकता बढ़ी है। पटाखों के इस्तेमाल में सावधानी बरती जा रही है और जंगलों में आग लगने की घटनाओं में भी कमी आई है। इसके अलावा बीच-बीच में होने वाली बारिश ने भी हवा को साफ रखने में अहम भूमिका निभाई है। बारिश के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषक कण नीचे बैठ जाते हैं, जिससे वायु गुणवत्ता बेहतर होती है।
