दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश सिंह ने मंगलवार को दावा किया कि देश की राजधानी दिल्ली से होकर गुजरने वाली यमुना नदी के 52 किलोमीटर लंबे हिस्से में कहीं भी झाग नहीं है। उन्होंने कहा कि ओखला बैराज के पास जहां भी झाग की समस्या सामने आती है, उसके समाधान के लिए दिल्ली सरकार उत्तर प्रदेश सरकार के साथ बातचीत कर रही है।

 

आम आदमी पार्टी ने दावा किया है था कि लोगों को उन जगहों पर छठ पूजा मनाने के लिए मजबूर होना पड़ा, जहां नदी झाग से पूरी तरह ढकी हुई थी। प्रदूषित यमुना की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाईं थीं। दिल्ली में जिन इलाकों से यमुना गुजरती है, वहां झाग ही झाग नजर आ रहा था। दिल्ली सरकार ने इन्हें खारिज किया है। 

यह भी पढ़ें: ‘AI नहीं, यमुना है', दिल्ली में 'जहरीले झाग' के बीच छठ पूजा पर AAP-BJP में ठन गई

क्या सफाई दे रहे हैं प्रवेश वर्मा?

प्रवेश वर्मा ने कहा, 'छठ पूजा श्रद्धा के साथ मनाई गई और तैयारियों को लेकर लाखों लोग बेहद खुश थे। भारतीय जनता पार्टी ने पूर्वांचल के लोगों का दिल जीत लिया है। यह देखकर AAP को पीड़ा हो रही है।'

प्रवेश वर्मा के किस बयान पर सवाल उठ रहे हैं?

प्रवेश वर्मा ने कहा कि यमुना दिल्ली में 52 किलोमीटर तक बहती है और इस पूरे हिस्से में कहीं भी झाग नहीं है। दिल्ली-उत्तर प्रदेश सीमा पर स्थित ओखला बैराज के पास जहां भी झाग दिखाई देता है, उस समस्या के समाधान के लिए दिल्ली सरकार उत्तर प्रदेश सरकार के साथ बातचीत कर रही है।'

 

 

क्या प्रवेश वर्मा का दावा सच है?

दिल्ली में यमुना नदी उत्तर में पल्ला गांव से दाखिल होती है। वजीराबाद से लेकर ओखला बैराज तक, करीब 22 फीसदी हिस्सा शहरी इलाके से गुजरता है। कुछ जगहों पर यमुना में झाग नजर आया है। यमुना वजीराबाद से पहले साफ है, यहां से आगे बढ़ते ही प्रदूषित हो जाती है। 

 

कालिंदी कुंज वाले इलाके में अक्सर सफेद झाग नजर आता है। छठ पूजा पर यहां भी झाग देखा गया। केमिकल से उसे कम करने की कोशिश की गई लेकिन नाकाम रही। यहां पानी कुछ ज्यादा ऊंचाई से गिरता है और झाग नजर आता है। ओखला बैराज के पास भी यही नजारा दिखा है। 

 

 

यह भी पढ़ें: यमुना में मरी मछलियों का वीडियो बनाकर चर्चा में आए सुरेंद्र सिंह आजाद कौन हैं?

क्यों यहीं झाग दिखता है? 

यमुना का वजीराबाद से ओखला तक लगभग 22 किलोमीटर का हिस्सा सबसे प्रदूषित है। यहां कई बड़े नाले गिरते हैं। अनट्रीटेड सीवेज, डिटर्जेंट और औद्योगिक कचरा मिलने की वजह से यमुना की स्थिति यहां सबसे ज्यादा खराब है। सर्फेक्टेंट या डिटर्जेंट के रसायन पानी में मिलकर झाग बनाते हैं और बैराज पर पानी गिरने से यह और ज्यादा दिखता है। सर्दियों में ठंडे पानी में बुलबुले ज्यादा दिखते हैं।