दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल का विवादित सरकारी बंगला एक बार फिर चर्चा में है। दिल्ली सरकार के अनुसार, अगले हफ्ते से यह बंगला आम लोगों के लिए खोला जाएगा। बीजेपी इसे 'शीशमहल' कहती है और चुनाव के दौरान पार्टी ने इसे जनता के लिए खोलने का वादा किया था।
दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने मंगलवार, 17 नवंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली सरकार के इस फैसले के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोग लंबे समय से इस बंगले को अंदर से देखना चाहते थे। इसी मांग को ध्यान में रखते हुए सरकार ने इसे आम जनता के लिए खोलने का फैसला किया है। हालांकि, आम लोगों के आने से पहले देश के पत्रकारों को इस बंगले का दौरा कराया जाएगा। इसके लिए अगले दो से तीन दिनों में विशेष मीडिया टूर आयोजित होगा। इसकी जानकारी बुधवार को दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: 'दिल्ली की यमुना में झाग नहीं, यूपी में है...', प्रवेश वर्मा का दावा कितना सही?
पहले स्टेट गेस्ट हाउस बनाने की थी तैयारी
प्रवेश वर्मा ने बताया कि दिल्ली कैबिनेट की पिछली बैठक में इस बंगले को स्टेट गेस्ट हाउस यानी सरकारी अतिथि गृह में बदलने का फैसला लिया गया था। लेकिन अब सरकार ने उस योजना को बदल दिया है। बंगले को आम लोगों के लिए खोलने का निर्णय लिया गया है। उनके मुताबिक, लोगों को यहां आने के लिए टिकट और बुकिंग की व्यवस्था करनी होगी। हालांकि, टिकट की कीमत कितनी होगी, ऑनलाइन बुकिंग होगी या नहीं और एक दिन में कितने लोगों को प्रवेश मिलेगा, इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
केजरीवाल पर फिर साधा निशाना
दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने बंगले को लेकर केजरीवाल पर फिर से निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस नेता ने कभी गाड़ी और सरकारी बंगला नहीं लेने की बात कही थी, उसी के लिए कई पुराने बंगले, सर्वेंट क्वार्टर और गैराज तक तुड़वाए गए। इसके बाद इस आलीशान परिसर को तैयार कराया गया।
प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि बंगले के कमरों में रिमोट से चलने वाली स्मार्ट लाइटें लगी हैं। इन लाइटों का रंग गुलाबी, नीला, भूरा और काला किया जा सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यहां करोड़ों रुपये के पर्दे लगाए गए हैं और वियतनाम से मंगवाए गए मार्बल का इस्तेमाल हुआ है। उनके मुताबिक, अब लोग खुद इन सुविधाओं को देख सकेंगे।
पहले सिर्फ एक कमरे की दिखाई गई थी तस्वीर
प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि पहले इस पूरे परिसर में आम लोगों को जाने की अनुमति नहीं थी। लोगों को केवल एक कमरे की तस्वीरें दिखाई गई थीं। उस कमरे में शहीद भगत सिंह और डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीरें लगी थीं। मंत्री का आरोप है कि बाकी हिस्से को लोगों से दूर रखा गया। अब सरकार पूरे बंगले का भ्रमण कराने की तैयारी कर रही है। बीजेपी का कहना है कि जनता को यह देखने का मौका मिलना चाहिए कि सरकारी पैसे से बने इस परिसर में किस तरह की सुविधाएं तैयार की गईं।
यह भी पढ़ें: 'जनता छठी का दूध याद दिला देगी', ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पर अखिलेश ने BJP को चेताया
चुनाव में उठाया था मुद्दा
केजरीवाल का यह सरकारी आवास दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में 6, फ्लैगस्टाफ रोड पर स्थित है। इसके रिनोवेशन और निर्माण पर खर्च को लेकर बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच लंबे समय से राजनीतिक विवाद रहा है। मार्च 2026 में दिल्ली विधानसभा में पेश CAG की रिपोर्ट में बंगले के काम पर 33.66 करोड़ रुपये खर्च होने का जिक्र किया गया था। बीजेपी ने इसे जनता के पैसे की बर्बादी बताया था, जबकि आम आदमी पार्टी इन आरोपों को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताकर खारिज करती रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान यह एक काफी अहम मुद्दा बना था, जिसके चलते अरविंद केजरीवाल बैकफुट पर आ गए थे।
