देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह से ही जमकर बारिश हो रही है। दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों से बारिश की तस्वीरें सामने आ रही हैं। सुबह-सुबह बारिश के कारण लोगों को ऑफिस जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान था और उमस भरी गर्मी पड़ने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है और सुबह से ही मूसलाधार बारिश हो रही है। 

 

मौसम विज्ञान विभाग ने 5 अगस्त को प्रेस रिलीज जारी कर बताया था कि 5-6 अगस्त के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। इसके अलावा ज्यादातर हिस्सों में कम बारिश के कारण उमस रहने की संभावना जताई गई थी। हालांकि, आसमान में बादल छाए रहने का पूर्वानुमान था। 

 

यह भी पढ़ें: 'चुनाव लड़ा तो भगवंत मान के खिलाफ लड़ूंगा', कांग्रेस के राजा वड़िंग का एलान

 

दिल्ली में लगातार जारी है बारिश 

मौसम विभाग के अनुमानों के विपरीत दिल्ली में आज  सुबह से ही जमकर बारिश हो रही है। कई जगहों पर ट्रैफिक जाम भी लग गया है। सुबह-सुबह लोग ऑफिस जाते हुए लंबे जाम में फंसे। दिल्ली के सफदरजंग में बारिश के कारण लंबा जाम नजर आया।

शाम तक जारी रह सकती है बारिश

मौसम विभाग के जिलावार मैप के अनुसार, दिल्ली के ज्यादातर जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है। दिल्ली के सभी जिलों के मैप को ऑरेंज रंग में दिखाया गया है जिसका अर्थ है कि आज दिल्ली में भारी बारिश होगी। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में अगले कुछ घंटों तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।