आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस की मुसीबत आपसी कलह है। एक धड़ा अभी भी कोशिश कर रहा है कि पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को उनके पद से हटा दिया जाए। इस बीच राजा वड़िंग ने अपनी ओर से एक बड़ा दांव खेला है। लुधियाना के लोकसभा सांसद राजा वड़िंग ने बुधवार को कहा कि अगर उन्हें विधानसभा का चुनाव लड़ाया गया तो वह मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहेंगे। बता दें कि ठीक इसी अंदाज में भगवंत मान ने साल 2017 में तत्कालीन डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल और तब कांग्रेस में रहे रवनीत सिंह बिट्टू के खिलाफ जलालाबाद से चुनाव लड़ा था। वह चुनाव तो हार गए थे लेकिन उनका राजनीतिक कद बढ़ता चला गया था।
अब अपनों से ही घिरे राजा वड़िंग ने भी खुद का कद बड़ा करने की कोशिशें तेज कर दी हैं। कुछ दिनों पहले ही उन्होंने एक ऐसे शख्स को मंच पर बुला लिया था जो चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में नारे लगा रहा था। पंजाब में अब पूरा मामला राजा वड़िंग बनाम चरणजीत सिंह चन्नी होता दिख रहा है इसलिए राजा वड़िंग भी अपने नंबर बनाने का काई मौका नहीं छोड़ना चाहते। वह कानून व्यवस्था, अराजकता और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को लगातार घेर रेह हैं। अलग-अलग जिलों में 'हर बूथ, कांग्रेस मजबूत' अभियान चला रहे राजा वड़िंग ने कहा है कि भगंवत मान अब तक के सबसे खराब मुख्यमंत्री साबित हुए हैं।
यह भी पढ़ें: 'सीधे CM से बात होगी, आने का वादा किया है', झारखंड में बोले प्रदर्शनकारी छात्र
CM के खिलाफ लड़ने की बात क्यों आई?
राजा वड़िंग ने फरीदकोट में बुधवार को कांग्रेस के एक कार्यक्रम में पार्टी के एक नेता का एक सुझाव खारिज कर दिया। उस नेता का सुझाव था कि राजा वड़िंग को शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के खिलाफ चुनाव लड़ना चाहिए। इस सुझाव पर राजा वड़िंग ने कहा कि अकाली नेता तो पहले ही ज्यादा सक्रिय नहीं हैं। लुधियाना से सांसद वड़िंग ने कहा कि कौन कहां से चुनाव लड़ेगा, इसका फैसला पार्टी आलाकमान करेगा लेकिन अगर उन्हें चुनाव मैदान में उतरने के लिए कहा गया तो वह मुख्यमंत्री का मुकाबला करना चाहेंगे।
पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष राजा वड़िंग ने कहा, 'मैं भगवंत मान के खिलाफ चुनाव लड़ूंगा।’ बता दें कि राजा वड़िंग इससे पहले मुक्तसर जिले की गिद्दड़बाहा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं, मुख्यमंत्री भगवंत मान वर्तमान में संगरूर जिले की धुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। राजा वड़िंग की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से वर्तमान सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के नेतृत्व में पार्टी नेताओं के एक वर्ग ने उन्हें कांग्रेस की पंजाब इकाई का अध्यक्ष बनाए रखने के आलाकमान के फैसले का विरोध करते हुए पद से हटाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: पंजाब में कांग्रेस का संकट टला नहीं, वडिंग गुट में सेंधमारी कर रहे चरनजीत चन्नी
राजा वड़िंग ने बुधवार को मोगा में एक अन्य कार्यक्रम ‘हर बूथ, कांग्रेस मजबूत’ में लोगों से भगवंत मान सरकार को सत्ता से उखाड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मान पंजाब के अब तक के सबसे खराब मुख्यमंत्री साबित हुए हैं। राजा वड़िंग ने राज्य में कानून-व्यवस्था की कथित रूप से बिगड़ती स्थिति का जिक्र करते हुए कहा, ‘गैंगस्टर कल्चर और अराजकता चरम पर है तथा नशे की समस्या ने भयावह रूप ले लिया है।’