घर बनाने का सपना हर कोई देखता है लेकिन अपना घर बनाना आज के समय में पहले के मुकाबले काफी महंगा हो गया है। क्योंकि सीमेंट, सरिया, ईंट, रेत और गिट्टी जैसी चीजों के दाम बढ़ने से मकान बनवाना महंगा पड़ सकता है। हाल ही में आए वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की अक्टूबर 2026 की थोक महंगाई रिपोर्ट बताती है कि बेसिक मेटल्स की महंगाई दर एक साल में 17.21 फीसदी तक पहुंच गई। वहीं अन्य गैर-धातु खनिज उत्पादों की महंगाई दर 3.94 फीसदी रही।
ऐसे में एक बड़ा सवाल उठता है कि निर्माण सामग्री की कीमतों में कितना बदलाव आया है और इसका घर बनाने के बजट पर क्या असर पड़ सकता है? आंकड़ों से समझिए आज के समय में घर बनाना कितना मंहगा हुआ है।
यह भी पढ़ें: आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग केस में भी मिली जमानत, जेल से बाहर आ पाएंगे या नहीं?
बेसिक मेटल कितना महंगा हुआ?
घर बनाने में सरिये का इस्तेमाल होता है। इससे नींव, छत, बीम और कॉलम तैयार होता है। इनके दाम बढ़ने से घर बनाने का खर्च भी बढ़ सकता है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, बेसिक मेटल की महंगाई अक्टूबर में 17.21 फीसदी रही। बेसिक मेटल में लोहा, स्टील, एल्युमिनियम, तांबा और दूसरी धातुएं शामिल होती हैं और इन्हीं से सरिया और कई दूसरी निर्माण सामग्री तैयार होती है।
नॉन-मेटल मिनरल्स प्रोडक्ट्स में कितनी आई महंगाई?
रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2026 मेंनॉन-मेटल मिनरल्स प्रोडक्ट्स कैटेगरी में सालाना थोक महंगाई 3.94 फीसदी रही। सितंबर में यह 3.72 फीसदी थी। ऐसे में देखा जाए तो एक महीने में इस कैटेगरी की महंगाई दर में 0.22 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। बता दें कि नॉन-मेटल मिनरल्स प्रोडक्ट्स में सीमेंट के अलावा कांच, सिरेमिक, टाइल्स, चूना और प्लास्टर जैसे प्रोडक्ट्स भी शामिल हैं।
पाइप, फिटिंग और दूसरी चीजें भी महंगी हुईं
घर बनाते समय सिर्फ सीमेंट और सरिया के साथ पाइप, दरवाजे, खिड़कियां, फिटिंग और पेंट जैसी चीजों पर भी पैसा खर्च होता है। अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, इनसे जुड़ी कुछ दूसरी कैटेगरी में भी महंगाई दर्ज की गई। इनमें से फैब्रिकेटेड मेटल प्रोडक्ट्स में महंगाई 7.72 फीसदी दर्ज की गई।
इसके अलावा, रबर और प्लास्टिक प्रोडक्ट्स में महंगाई 13.90 फीसदी, केमिकल और केमिकल प्रोडक्ट्स में महंगाई 17.53 फीसदी रही। बता दें कि इन कैटेगरी में घर बनाने और फिनिशिंग के काम में इस्तेमाल होने वाले कई सामान से जुड़ी इंडस्ट्री शामिल हैं।
