उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव में अभी वक्त है लेकिन सियासी पारा अभी से चढ़ने लगा है। हाल ही में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच अयोध्या से चुनाव लड़ने को लेकर जो चुनौती और बयानबाजी देखने को मिल रही है, उसने पूरे प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। अगर वाकई दोनों दिग्गज एक ही सीट से लड़ते हैं तो यह मुकाबला बेहद दिलचस्प होगा।
हमारे देश में जनता सीधे प्रधानमंत्री या मुख्यमंत्री नहीं चुनती, बल्कि अपने इलाके का सांसद या विधायक चुनती है और फिर बहुमत से सरकार बनती है। इसके बावजूद चुनावी इतिहास में कई ऐसे मौके आए हैं, जब देश या राज्य की राजनीति के दो सबसे बड़े चेहरे एक ही सीट पर उतर गए। इन मुकाबलों में दांव पर सिर्फ जीत-हार नहीं, बल्कि नेताओं की साख और आगे का सियासी भविष्य भी लगा होता है। नजर डालते हैं ऐसे ही 9 चर्चित मुकाबलों की जिसने भारतीय राजनीति में एक उदाहरण पेश किया।
यह भी पढ़ें: तारिक रहमान ने लगाया हिंसा भड़काने का आरोप, अब भारत ने दिया जवाब
रायबरेली (1977)- राज नारायण बनाम इंदिरा गांधी
भारतीय चुनावी इतिहास में सबसे बड़ा उलटफेर 1977 के लोकसभा चुनाव में हुआ। इमरजेंसी के बाद हुए इस चुनाव में इंदिरा गांधी के सामने जनता पार्टी (भारतीय लोकदल) के राज नारायण मैदान में थे। खास बात यह थी कि 1971 में इंदिरा ने इसी सीट पर राज नारायण को 1,11,810 वोटों से हराया था। इंदिरा को 1,83,309 और राज नारायण को 71,499 वोट मिले थे। बाद में राज नारायण की याचिका पर ही इलाहाबाद हाई कोर्ट ने 1975 में इंदिरा का चुनाव रद्द किया था। 1977 में हवा बदली और राज नारायण ने 1,77,719 वोट पाकर इंदिरा गांधी (1,22,517 वोट) को 55,202 वोटों से हरा दिया। हालांकि, इस हार के बाद 1980 में इंदिरा फिर प्रधानमंत्री बनीं और राज नारायण केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री बने।
हनामकोंडा (1984)- नरसिम्हा राव की हार
80 के दशक में आंध्र प्रदेश की हनामकोंडा लोकसभा सीट पर भी ऐसा ही चौंकाने वाला नतीजा देखने को मिला। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पी. वी. नरसिम्हा राव को इस चुनाव में बीजेपी के चंदूपाटिया रेड्डी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।
बलिया में ही हार गए चंद्रशेखर
उत्तर प्रदेश की बलिया लोकसभा सीट पर भी 80 के दशक में एक बड़ा सियासी उलटफेर हुआ। जनता पार्टी के कद्दावर नेता चंद्रशेखर, जो आगे चलकर 1990 में देश के प्रधानमंत्री बने, अपनी परंपरागत सीट बलिया से मैदान में उतरे थे। लेकिन कांग्रेस के जगन्नाथ चौधरी ने उन्हें 53,940 वोटों के बड़े अंतर से हराकर सभी को चौंका दिया।
बेल्लारी (1999) में सोनिया गांधी बनाम सुषमा स्वराज
1999 के लोकसभा चुनाव में कर्नाटक की बेल्लारी सीट अचानक देश की सबसे हॉट सीट बन गई। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने यूपी की अमेठी के साथ-साथ यहां से भी पर्चा भरा था। उन्हें घेरने के लिए बीजेपी ने अपनी वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज को मैदान में उतार दिया। दो बड़े महिला चेहरों के बीच हुए इस कड़े मुकाबले में सोनिया को 4,14,650 (51.70%) और सुषमा को 3,58,550 (44.70%) वोट मिले। सोनिया 56,100 वोटों से जीत गईं लेकिन बाद में उन्होंने अमेठी अपने पास रखकर बेल्लारी सीट छोड़ दी।
नई दिल्ली (2013) में केजरीवाल और शीला दीक्षित
दिल्ली विधानसभा चुनाव में यह मुकाबला इसलिए खास था क्योंकि एक तरफ तीन बार की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित थीं और दूसरी तरफ पहली बार चुनाव लड़ रहे अरविंद केजरीवाल । आम आदमी पार्टी (AAP) के टिकट पर लड़े केजरीवाल ने 44,269 वोट हासिल किए, जबकि शीला दीक्षित 18,405 वोटों पर सिमट गईं। बीजेपी के विजेंद्र गुप्ता 17,952 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर रहे। केजरीवाल ने 25,864 वोटों से जीत दर्ज की और मुख्यमंत्री बने, हालांकि पहली सरकार 49 दिन ही चली। जबकि शीला दीक्षित इसके बाद कभी दिल्ली की सत्ता में वापस नहीं लौट सकीं।
यह भी पढ़ें: 'खबरगांव' की खबर का असर: सफदरजंग का सर्जरी विभाग SSB बिल्डिंग में होगा शिफ्ट
वाराणसी (2014) में मोदी के सामने उतरे केजरीवाल
दिल्ली की जीत के बाद अरविंद केजरीवाल ने 2014 के लोकसभा चुनाव में सीधे बीजेपी के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को वाराणसी में चुनौती दी। लेकिन यह हाई-वोल्टेज मुकाबला एकतरफा साबित हुआ। मोदी को 5,81,022 (56.37%) वोट मिले और केजरीवाल 2,09,238 (20.30%) वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे, जबकि कांग्रेस के अजय राय को 75,614 वोट मिले। मोदी ने 3,71,784 वोटों के भारी अंतर से जीत दर्ज की। उन्होंने गुजरात की वडोदरा सीट भी जीती थी। इसे बाद में छोड़ दिया।
अमेठी (2019) में गांधी परिवार के गढ़ में स्मृति ईरानी
अमेठी लंबे समय से गांधी परिवार की पारंपरिक सीट मानी जाती थी। 2014 में स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को कड़ी टक्कर दी थी लेकिन जीत राहुल की हुई थी। 2019 में दोनों फिर आमने-सामने आए और इस बार स्मृति ईरानी ने 4,68,514 वोट पाकर राहुल गांधी (4,13,394 वोट) को 55,120 वोटों से हरा दिया। 2004 से लगातार अमेठी जीत रहे राहुल की यह पहली हार थी। हालांकि वह केरल की वायनाड सीट जीतकर लोकसभा पहुंचे। वहीं, आगे चलकर 2024 में स्मृति ईरानी खुद अमेठी से चुनाव हार गईं।
भोपाल (2019) में दिग्विजय बनाम साध्वी प्रज्ञा
2019 में मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को उतारा तो बीजेपी ने साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर पर दांव लगाया। इस मुकाबले में प्रज्ञा ठाकुर को 8,66,482 (61.54%) वोट मिले और उन्होंने दिग्विजय सिंह (5,01,660 वोट, 35.63%) को 3,64,822 वोटों के बड़े अंतर से हराया। इस जीत के बाद प्रज्ञा पहली बार लोकसभा पहुंचीं। हालांकि 2024 के चुनाव में बीजेपी ने उन्हें दोबारा टिकट नहीं दिया।
वायनाड (2024) में आमने-सामने
2024 के लोकसभा चुनाव में केरल की वायनाड सीट एक अनोखे सियासी मुकाबले की गवाह बनी। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस और वामपंथी दल विपक्षी गठबंधन 'INDIA' का हिस्सा थे लेकिन केरल में दोनों आमने-सामने थे। यहां राहुल गांधी के खिलाफ CPI की वरिष्ठ नेता एनी राजा मैदान में उतरीं। नतीजों में राहुल गांधी ने 6,47,445 (59.69%) वोट पाकर एनी राजा (2,83,023 वोट, 26.09%) को 3,64,422 वोटों से हराया। बीजेपी के के. सुरेंद्रन 1,41,045 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
क्या एक नेता दो सीटों से चुनाव लड़ सकता है?
जब भी किसी बड़े नेता के किसी नई या चुनौतीपूर्ण सीट से लड़ने की चर्चा होती है, तो दो सीटों से चुनाव लड़ने का नियम भी सुर्खियों में आ जाता है। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 33(7) के तहत कोई भी उम्मीदवार एक चुनाव में अधिकतम दो सीटों से पर्चा भर सकता है। 1996 में हुए संशोधन के बाद यह नियम लागू हुआ था।
यह भी पढ़ें: दाऊद से इकबाल तक की संपत्ति, अंडरवर्ल्ड के खिलाफ कार्रवाई में कहां फंसता है पेच?
1999 में सोनिया गांधी (अमेठी और बेल्लारी), 2009 में लालू प्रसाद यादव (सारण और पाटलिपुत्र), 2014 में नरेंद्र मोदी (वाराणसी और वडोदरा), मुलायम सिंह यादव (आजमगढ़ और मैनपुरी) और 2019 में राहुल गांधी (अमेठी और वायनाड) इस नियम के तहत दो सीटों से चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, दोनों सीटें जीतने पर उम्मीदवार को तय समय के भीतर एक सीट छोड़नी पड़ती है।
