पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसदिक मलिक ने दिल्ली में हो रहे SCO सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम में पुराना किला के इतिहास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिस किले में फोरम हो रहा है, वह अपने आप में एक कहानी है। इसकी नींव मुगल बादशाह हुमायूं ने रखी थी और शेरशाह सूरी ने इसे आगे बढ़ाया।
3 दिन का यह फोरम पुराना किला परिसर में 20 से 22 नवंबर तक चल रहा है। इसका उद्घाटन शुक्रवार, 20 नवंबर की शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। आयोजन संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय मिलकर कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: मुसादिक मलिक के भारत दौरे पर बवाल क्यों, पुराना झगड़ा क्या है?
पुराने किले का क्या इतिहास बता रहे मुसादिक मलिक?
मलिक 'सभ्यता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति' विषय पर हुए सत्र में बोल रहे थे। इस सत्र की अध्यक्षता केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने की। मुसादिक मलिक ने कहा कि हुमायूं तैमूरी वंश से जुड़े थे और मध्य एशिया से आए थे, जबकि शेरशाह सूरी अफगान थे। उन्होंने इसे एक दीवार, दो प्रतिद्वंद्वी शासक और एक किला बताया।
मुसादिक मलिक:-
ये किला जिसमें आज हम बैठे हैं, ये तो खुद एक कहानी है। यानी एक ऐसा किला जिसकी बुनियाद हुमायूं ने रखी जो एक तैमूरी वंशावली से आते हैं, सेंट्रल एशिया से तशरीफ लाए। और इस किले की बुनियाद रखी, पुराना किला जहां आज हम सब बैठे हुए हैं, और इसकी तकमील को आगे बढ़ाया शेरशाह सूरी ने जो एक अफगान हैं, अफगानिस्तान से यहां आए।'
मुसादिक मलिक ने कहा, 'यानी एक दीवार, दो राइवल्स, यानी दो रूलर्स और एक किला। यानी दो लेयर्स और एक ट्रेंच। तो ये जो डाइवर्सिटी है, इसी को आपने हमें बुलाया सेलिब्रेट करने को। इसी को आपने कहा 'तहजीब की गुफ्तगू', यानी 'डायलॉग ऑफ सिविलाइजेशन्स'।
मुसादिक मलिक:-
अब डायलॉग करने के लिए तो फिर हमें डिस्टिंक्ट आइडेंटिटीज चाहिए। डायलॉग तो डाइवर्सिटी के दरमियान होता है। जैसा कि मैंने आपको क़िले की एग्जांपल दी, जैसा कि कल शेखावत साहब आपने मुझे उन लेयर्स उदाहरण दिया हजारों साल तक, हजारों साल से यहीं पे उनकी तदफीन है, यहीं पे उनकी जिंदगी है।
मुसादिक मलिक ने कहा कि संवाद अलग-अलग पहचानों और विविधता के बीच होता है। उन्होंने कहा कि इसी संवाद के लिए सभी यहां जुटे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विचारों और पहचानों का खुला आदान-प्रदान समझदारी की निशानी है और इसे अपनाने के लिए साहस भी चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'बिरयानी-कबाब खिलाने की तैयारी', पाकिस्तानी मंत्री के आने पर भड़की कांग्रेस
मुसादिक को भारत-पाक रिश्ते सुलझने की उम्मीद है?
2025 के पहलगाम हमले के बाद भारत-पाकिस्तान रिश्तों में तनाव है। इसी माहौल में मुसादिक मलिक पहली बार भारत आए हैं। 20 नवंबर को पत्रकारों ने पूछा कि क्या इस फोरम से द्विपक्षीय रिश्ते सुधरेंगे। इस पर उन्होंने कहा कि यहां सब कुछ बहुपक्षीय संदर्भ में हो रहा है और वह बहुपक्षीय चर्चा के लिए आए हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि दोनों पक्षों के बीच संवाद बढ़ाने में संस्कृति की बड़ी भूमिका है।
गजेंद्र सिंह शेखावत ने अपने संबोधन में कहा कि साझा सांस्कृतिक विरासत SCO देशों को जोड़ने वाला मजबूत पुल है। उन्होंने कहा कि सभ्यताएं सिर्फ अतीत की विरासत नहीं, बल्कि जीवित परंपराएं हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फोरम सभ्यताओं की समझ और सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने वाला स्थायी मंच बनेगा।
क्या है पुराने किले का इतिहास?
प्रधानमंत्री मोदी ने उद्घाटन भाषण में किले को असाधारण विरासत बताया था। उन्होंने कहा कि विद्वानों के मुताबिक इसका इतिहास हजारों साल पुराना है और महाभारत काल तक जाता है। दिल्ली पर्यटन की वेबसाइट के अनुसार यह किला दिल्ली के सबसे पुराने शहर इंद्रप्रस्थ की जगह पर बना है। इसका घेरा करीब दो किलोमीटर का है। इसका विशाल दरवाजा और दीवारें हुमायूं ने बनवाई थीं और नई राजधानी दीनपनाह की नींव रखी गई थी। काम को शेरशाह सूरी ने आगे बढ़ाया, जिन्होंने हुमायूं को सत्ता से हटा दिया था।
फोरम के दौरान किले में 'अस्तित्व' नाम की प्रदर्शनी भी लगी है। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक प्रमाणों के जरिए दिल्ली का इतिहास दिखाया गया है। इनमें खुदाई में मिले अवशेष और कलाकृतियां शामिल हैं। शनिवार को प्रतिनिधियों ने दक्षिण दिल्ली के किला राय पिथौरा सांस्कृतिक परिसर में 'द लाइट एंड द लोटस: रेलिक्स ऑफ द अवेकंड वन' प्रदर्शनी भी देखी।
