logo

मूड

ट्रेंडिंग:

3 साल की मासूम की हत्या, पड़ोसन के कमरे में मिली लाश, बुलंदशहर में बवाल

बुलंदशहर में तीन वर्ष की लापता बच्ची का शव पड़ोसी महिला के घर में मिला। जांच में तंत्र मंत्र के चलते हत्या की आशंका जताई गई।

Police

घटना स्थल पर जानकारी करती पुलिस, Photo Credit : Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

 उत्तर प्रदेश के जिला बुलंदशहर में तीन साल की मासूम बच्ची की हत्या की आशंका से सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह घर के बाहर खेलते समय लापता हुई बच्ची का शव देर रात पड़ोस में किराये पर रहने वाली महिला के कमरे से बरामद हुआ। मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल की परिस्थितियों और बच्ची के शव पर मिले निशानों को देखते हुए तंत्र-मंत्र के लिए हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। कुछ रिपोर्ट में बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसे होने की बात भी सामने आई है। उधर, मासूम का शव मिलने से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने स्थिति संभाली। पुलिस ने पड़ोस में रहने वाली महिला सोनाली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

यह सनसनीखेज मामला बुलंदशहर नगर कोतवाली क्षेत्र के अवंती नगर भूड़ मोहल्ले का है। जानकारी के मुताबिक, मोहल्ला निवासी सचिन की तीन वर्षीय बेटी शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान अचानक वह लापता हो गई। काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने आसपास के घरों और रिश्तेदारों में उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के इलाके में खोजबीन करने के साथ सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। बच्ची के कहीं दिखाई नहीं देने पर आसपास के मकानों में तलाशी अभियान चलाया गया।

घर से 40 मीटर दूर किराये के कमरे में मिला शव

तलाशी के दौरान पुलिस को बच्ची का शव उसके घर से करीब 40 मीटर दूर रोहताश राजपूत के मकान में किराये पर रहने वाली महिला सोनाली के कमरे से मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। जिस बच्ची को परिजन सुबह से तलाश रहे थे, उसका शव पड़ोस के ही मकान में मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
कुछ मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बच्ची के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और शरीर पर भी निशान मिले थे। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस तंत्र-मंत्र के एंगल से भी जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में तंत्र-मंत्र की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

यह भी पढ़ें: बिजनौर में जहरीली फली खाने से 2 बच्चियों की मौत, तीसरी गंभीर, दिल्ली रेफर

तंत्र-मंत्र के शक में हत्या की आशंका

घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए प्रथम दृष्टया बच्ची की मुंह दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। पुलिस ने किराये के कमरे में रहने वाली महिला सोनाली को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। महिला की भूमिका, बच्ची की मौत की वजह और घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच की जा रही है।एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस किसी भी पहलू को नजरअंदाज नहीं कर रही है।

दिल्ली रोड पर जाम, जिला अस्पताल तक पहुंचा आक्रोश

मासूम का शव मिलने के बाद परिजनों और मोहल्ले के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने दिल्ली रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान आरोपित महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। सूचना मिलने पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। घटना के बाद जिला अस्पताल में भी लोगों ने पहुंचकर हंगामा किया और महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

 

यह भी पढ़ें: शव लेकर बंगाल जा रही एंबुलेंस हादसे का शिकार, दो भाइयों समेत 5 की मौत

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

पुलिस ने बच्ची के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से बच्ची की मौत की वजह और शरीर पर मिले निशानों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। हिरासत में ली गई महिला से भी लगातार पूछताछ की जा रही है।तीन साल की मासूम की इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। आखिर बच्ची की हत्या क्यों की गई? क्या इसके पीछे वास्तव में तंत्र-मंत्र का मामला है या कोई दूसरी वजह है? इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Related Topic:#UP News#Crime News

और पढ़ें