प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक वीडियो संदेश में कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां संसद और विधानसभाओं में नारी शक्ति की भागेदारी बढ़ाने से नहीं रोक पाएंगी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण की लड़ाई दशकों से चली आ रही है। बस वक्त का इंतजार है और महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को हटाकर ही मानेंगे। पीएम मोदी ने कहा कि नारी शक्ति से किए गए वादे को पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध है।

 

वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा, नारी शक्ति को भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से चल रही है। वर्षों से मैं भी इसके लिए प्रयास करने वालों में से एक हूं। कितनी ही महिलाएं यह विषय मेरे सामने उठाती रही हैं। कितनी ही बहनों ने पत्र से सारी बातें बताई हैं। मैं जानता हूं कि देश की 100 फीसद नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है।'

 

यह भी पढ़ें: UP में गन्ने का दाम बढ़ाने की तैयारी, योगी का चुनाव से पहले किसानों को तोहफा

बस वक्त का इंतजार है: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा कि मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं कि हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को खत्म करके रहेंगे, हटा कर रहेंगे। हमारा हौसला भी बुलंद है, हमारी हिम्मत भी अटूट है और हमारा इरादा भी अडिग है। महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से रोक नहीं पाएंगी। बस वक्त का इंतजार है।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: अब यूपी में भी रोबोट करेगा मुश्किल सर्जरी? जानें कहां मिल रही ये सुविधा

परिसीमन बिल पर विपक्षी दल भी आए साथ

महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पर केंद्र को शरद पवार की पार्टी और तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) का समर्थन मिला है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी विधेयक का स्वागत किया। हालांकि विपक्ष के इंडिया ब्लॉक ने परिसीमन विधेयक को लोकतंत्र और एससी-एसटी के हितों के खिलाफ बताया। उधर, शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने शरद पवार की पार्टी का परिसीमन विधेयक को समर्थन देने के फैसले को एकतरफा बताया और कहा कि उन्हें इसका खामियाजा भुगतना होगा।

सोमवार से शुरू होगा संसद का विशेष सत्र

30 नवंबर यानी सोमवार से संसद का तीन दिवसीय सत्र शुरू हो रहा है। माना जा रहा है कि सरकार लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से जुड़ा (131वां संशोधन) विधेयक पेश कर सकती है। अगर यह विधेयक पास हो जाता है तो 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले इसे लागू किया जा सकेगा। 30 दिसंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक होगी।