आज 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जरूरतमंद छात्रों के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग की बड़ी घोषणा की है। पीएम मोदी ने अपने भाषण में साफ कहा है कि भारत को 'विकसित भारत @2047' बनाने की चाबी देश के युवाओं और छात्रों के हाथों में है। उन्होंने कहा कि कोचिंग क्लासेज गरीब और मध्यम वर्ग पर बोझ बनती हैं। हम अलग-अलग परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराएंगे।
इसपर एडटेक यानी एजुकेशन टेक्नोलॉजी कंपनी फिजिक्सवाला के फाउंडर अलख पांडे ने खुलकर समर्थन जताया है। अलख पांडे ने कहा कि मैं इसके लिए सरकार को अपना बिना शर्त समर्थन देता हूं। मुझे इसमें कोई मुनाफा नहीं चाहिए। भारत के हर बच्चे के लिए क्वालिटी एजुकेशन मुफ्त होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: उम्मीदों से हकीकत तक, सौर ऊर्जा में हम क्या कमाल कर पाए हैं?
फ्री कोचिंग नेटवर्क और डिजिटल लर्निंग
आज लाल किले से देश को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'कोचिंग क्लासेज गरीब और मध्यम वर्ग पर बोझ बनती हैं। हम विभिन्न परीक्षाओं के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा है कि सरकार देश के डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतरीन शिक्षकों का इस्तेमाल कर छात्रों को घर बैठे तैयारी की सुविधा देगी, ताकि उन्हें बड़े कोचिंग सेंटरों में जाने की जरूरत न पड़े। इसके साथ ही उन्होंने अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को AI स्किलिंग ट्रेनिंग देने का भी ऐलान किया।
अलख पांडे ने खुलकर किया समर्थन
मैं माननीय प्रधानमंत्री जी के जरूरतमंद छात्रों के लिए मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग के वादे की सच में सराहना करता हूं। मैं हमेशा से यह मानता आया हूं कि दूर-दराज के कस्बों और गांवों तक क्वालिटी एजुकेशन पहुंचाने का एकमात्र तरीका ऑनलाइन ही है। मैं चाहता हूं कि यह जमीन पर उतरे, क्योंकि असली बात इसके लागू होने में है। मैं इसके लिए सरकार को अपना बिना शर्त समर्थन देता हूं। मुझे इसमें कोई मुनाफा नहीं चाहिए। भारत के हर बच्चे के लिए क्वालिटी एजुकेशन मुफ्त होनी चाहिए। - अलख पांडे (फाउंडर, फिजिक्सवाला)
क्या है सरकार की प्लानिंग?
पीएम मोदी ने कोचिंग क्लासेस की बढ़ती प्रतिस्पर्धा को गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए एक बहुत बड़ा बोझ बताया है। उन्होंने कहा कि आज लगभग हर माता-पिता को यह महसूस होने लगा है कि अगर उन्होंने अपने बच्चे को कोचिंग क्लास में नहीं भेजा, तो उन्हें समाज में एक प्रतिष्ठित परिवार नहीं माना जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब युवाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की फ्री ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध किया जाएगा। भारत सरकार अपने डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, देश के सर्वश्रेष्ठ टैलेंट और बेहतरीन शिक्षकों को आपस में जोड़कर देश भर के नौजवानों के लिए फ्री कोचिंग देने का एक मजबूत और व्यापक नेटवर्क खड़ा करने जा रही है।
