दीवाली से एक दिन पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को अचानक दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने यात्रियों से बात की और उनका यात्रा से जुड़ा अनुभव जाना। निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने युवाओं, महिलाओं और बच्चों से मुलाकात की। यात्रियों को दी जा रही भारतीय रेलवे की विभिन्न सुविधाओं और सेवाओं के बारे में उनकी राय जानी। कुछ यात्रियों ने अपनी समस्या रखीं तो कुछ ने रेलवे की तारीफ की।

 

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने युवाओं की पीठ थपथपा कर उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों से हाथ मिलाकर अपना स्नेह भी जताया। इस सीधे संवाद का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रेलवे की मौजूदा व्यवस्थाओं से आम यात्री कितना संतुष्ट हैं और धरातल पर सुविधाओं का कैसा असर हो रहा है।

 

यह भी पढ़ें: स्टील प्लांट के कचरे से बनेगा सीमेंट-कंक्रीट, रेलवे ट्रैक पर भी होगा इस्तेमाल

स्टाल पर ली चाय की चुस्की 

रेल मंत्री बेहद साधारण यात्री की तरह लोगों से मिलते दिखे। स्टेशन पर ही स्थित एक स्टाल पर चाय की चुस्की ली और डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देते हुए यूपीआई (UPI) के जरिए भुगतान किया।

त्योहारों में स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था

आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर हर साल त्योहारों विशेष तौर पर दीवाली और छठ के दौरान यात्रियों की भारी आवाजाही होती है। सुचारू संचालन और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने स्टेशन परिसर में नए विकसित होल्डिंग एरिया (प्रतीक्षा क्षेत्र) जैसी व्यापक व्यवस्थाएं लागू की हैं।

 

यह भी पढ़ें: हफ्तों बाद तक दिवाली की मिठाई खाना कितना खतरनाक, डाइटिशियन से जानिए

 

अपने दौरे के दौरान अश्विनी वैष्णव ने उपलब्ध कराई सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। जोर देकर कहा कि भारतीय रेलवे यात्री सुविधाओं को उन्नत करने और यात्रियों को अधिक से अधिक सुविधा प्रदान करने के लिए दिन-प्रतिदिन निरंतर सुधार कर रही है।

 

रेल मंत्री ने बताया कि त्योहारी सीजन में मांग को पूरा करने के लिए अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों की तैनाती बढ़ाई गई है ताकि त्योहारों के दौरान सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित की जा सके।