रामनवमी के मौके पर देशभर में शोभा यात्राएं और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड से लेकर पश्चिम बंगाल तक रामनवमी की शोभा यात्रा निकल रही है। इसमें अशांति की आशंका को देखते हुए राज्य सरकारों ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। बंगाल में बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के नेताओं ने उत्सव में हिस्सा लिया।
रामनवमी की शोभा यात्रा में सबसे ज्यादा पश्चिम बंगाल ने सभी का ध्यान अपनी ओर खिंचा है। काफी मशक्कत के बाद सुप्रीम कोर्ट से रामनवनी की यात्रा निकलने की मिली इजाजत के बाद राज्य के कई जिलों में जुलूस निकाले जा रहे हैं। इन जुलूस का नेतृत्व बीजेपी के नेता कर रहे हैं। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम में, विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम के सोनाचुरा गांव में राम मंदिर की आधारशिला रखी।
यह भी पढ़ें: 'कुछ लोग बेवजह रोते हैं...,' तमिलनाडु में CM स्टालिन पर PM मोदी का तंज
2,500 शोभा यात्राएं निकालने का कर्यक्रम
पश्चिम बंगाल में रामनवमी के अवसर पर करीब 2,500 शोभा यात्राएं निकालने का कर्यक्रम है। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 6,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। रामनवमी के मौके पर रविवार सुबह से ही उत्सव शुरू हो गए थे। जय श्री राम के नारे लगाते हुए जुलूस और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। लोग भगवा झंडे, भक्ति संगीत और रामायण के दृश्यों को दर्शाती झांकियों के साथ सड़कों पर उमड़ पड़े हैं।
केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद सुकांत मजूमदार हावड़ा, जबकि उनके सहयोगी सौमित्र खान ने बांकुड़ा में रामनवमी जुलूस में शामिल हुए। वहीं, कोलकाता के पास न्यू टाउन में बीजेपी नेता लॉकेट चटर्जी भी शोभा यात्रा में शामिल हुईं।
यूपी के संभल में निकली यात्रा
इसके अलावा यूपी के संभल में रामनवमी के मौके पर पहली बार विश्व हिंदू परिषद की ओर से भव्य भगवा शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र रही। रामनवमी की शोभायात्रा में युवतियों ने हाथों में तलवार लेकर करतब दिखाए। वहीं, युवा भगवा झंडे लेकर पूरे जोश और उत्साह से झूमते नजर आए।
यह भी पढ़ें: किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने खत्म किया आमरण अनशन, अब आगे क्या?
मुस्लिम सेवा समिति ने शोभा यात्रा पर फूल बरसाए
महाराष्ट्र के नागपुर में भी रामनवमी के मौके पर शोभा यात्रा निकाली गई। आरएसएस मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस रामनवमी कार्यक्रम में शामिल हुए। नागपुर में मुस्लिम सेवा समिति के लोगों ने रामनवमी के अवसर पर शोभा यात्रा निकाल रहे भक्तों पर पुष्प वर्षा की।
उधर झारखंड की राजधानी रांची में भी रामनवमी का शोभा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सैकड़ों लोगों ने भगवा कपड़े पहनकर भाग लिया। एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री संजय सेठ रामनवमी के अवसर पर आयोजित शोभा यात्रा में भाग लेते हुए।