इन दिनों देशभर में एथेलॉल मिश्रित पेट्रोल यानी E20 पेट्रोल को लेकर बवाल हो रहा है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इसके खिलाफ आवाज उठाने वालों को विपक्ष का एजेंडा करार दे रहे हैं। हालांकि, इस पूरे विवाद में नितिन गडकरी फंसते हुए ही नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि नितिन गडकरी के बेटों का एथेनॉल का कारोबार है और E20 पेट्रोल से उनके कारोबार को फायदा हो रहा है। इस पर खुद नितिन गडकरी ने जवाब दिया है और इसे एक साजिश के तहत चलाया जा रहा एजेंड़ा बताया है। उन्होंने कहा कि उनके बेटों के कारोबार में एथेनॉल का हिस्सा बेहद कम है और उन पर लगाए जा रहे आरोप राजनीतिक मकसद से प्रेरित हैं।
नितिन गडकरी ने कहा कि वह सालों से बायोफ्यूल और अल्टरनेट फ्यूल की वकालत कर रहे हैं। उनका कहना है कि एथेनॉल ब्लेंडिंग का उद्देश्य किसी निजी कंपनी को फायदा पहुंचाना नहीं, बल्कि देश में पेट्रोलियम आयात पर निर्भरता कम करना, किसानों की आय बढ़ाना और गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण को कम करना है।
यह भी पढ़ें: परमिशन नहीं मिली तो रात के अंधेरे में परेड ग्राउंड क्यों पहुंचे कांग्रेस नेता?
बेटों के कारोबार पर दिया जवाब
नितिन गडकरी पर सोशल मीडिया पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि उन्होंने अपने बेटों के कारोबार को फायदा पहुंचाने के लिए ऐसा किया है। इन आरोपों पर जवाब देते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि उनके बेटों के कारोबार में एथेनॉल का योगदान बहुत छोटा हिस्सा है। उन्होंने दावा किया कि देश के कुल एथेनॉल उत्पादन में उनके परिवार से जुड़ी कंपनियों की हिस्सेदारी बेहद सीमित है और उनका व्यक्तिगत तौर पर इस नीति से कोई आर्थिक लाभ नहीं होता। उन्होंने बताया कि उनके बेटों के बिजनेस का सिर्फ 10 प्रतिशत हिस्सा ही एथेनॉल है। इस बिजनेस के बारे में बहुत ज्यादा झूठ फैलाया जा रहा है।
E20 पेट्रोल पर क्या कहा?
उन्होंने E20 पेट्रोल को लेकर उठ रहे सवालों पर भी जवाब दिया है। नितिन गडकरी ने कहा कि अगर कोई उपभोक्ता E20 पेट्रोल का इस्तेमाल नहीं करना चाहता, तो वह 100 प्रतिशत पेट्रोल भी खरीद सकता है, लेकिन इसके लिए अधिक कीमत चुकानी होगी। उन्होंने दोहराया कि एथेनॉल मिश्रित ईंधन का उद्देश्य आयातित कच्चे तेल पर खर्च कम करना और ऊर्जा के अल्टरनेट फ्यूल स्रोतों को बढ़ावा देना है।
गाड़ियों के खराब होने पर दिया जवाब
नितिन गडकरी से पूछा गया कि सोशल मीडिया पर E20 पेट्रोल के कारण गाड़ियों में दिक्कत आने की जानकारी सामने आ रही है। इसके जवाब में नितिन गडकरी ने कहा कि यह सारे राजनीति से प्रेरित हैं और E20 पेट्रोल पूरा टेस्ट करने के बाद ही लागू किया गया है। इसके साथ ही लोगों में E20 पेट्रोल को लेकर भ्रम भी फैलाया गया है। जिन गाड़ियों में E10 पेट्रोल इस्तेमाल किया जाता है, उनमें E20 पेट्रोल भी इस्तेमाल किया जा सकता है। नितिन गडकरी ने कहा कि मैंने साफ कर दिया है कि थोड़ा बहुत माइलेज पर असर पड़ सकता है लेकिन इसके अलावा कोई भी असर नहीं पड़ेगा।
यह भी पढ़ें: 5 साल में 8% से 20% तक पहुंचा, भारत में कितनी हो रही एथेनॉल की खपत?
E20 पेट्रोल पर जारी है विवाद
E20 पेट्रोल पर सरकार दावे कर रही है कि इससे गाड़ियों पर कोई असर नहीं पड़ता है लेकिन लोगों की शिकायतें सामने आ रही है। माइलेज को लेकर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर आवाज उठाई है। इसके साथ ही अब विपक्ष भी सरकार पर इस मुद्दे को लेकर हमलावर हो गया है। सरकार के आश्वासन के बावजूद लोगों को विश्वास नहीं हो रहा है। इस पूरे विवाद में नितिन गडकरी और ज्यादा फंसते नजर आ रहे हैं।
