देश की राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को हुई मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया। पड़ोसी शहर गुरुग्राम की सड़कें भी तालाब में तब्दील हो गईं। गुरुग्राम में शीतला माता मंदिर के पास घुटनों तक सड़क पर पानी भरा है। दिल्ली में साउथ मोती बाग मेट्रो स्टेशन, अकबर रोड, महिपालपुर, बसंत गांव और सुब्रतो पार्क क्षेत्र में जलभराव देखने को मिला। कई स्थानों पर भारी बारिश और जलभराव से ट्रैपिक की रफ्तार धीमी पड़ गई। नोएडा और गाजियाबाद में भी तेज बारिश के बाद मौसम बदल गया। 

भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने शाम पांच बजे से रात आठ बजे के बीच अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, बिजली कड़कने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। विभाग ने कहा कि अगले तीन घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर 50 से 100 मिलीमीटर तक भारी वर्षा हो सकती है। इस दौरान बिजली कड़कने के साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

 

 

 

एयरपोर्ट पर भरा पानी

शुक्रवार दोपहर और शाम को हुई भारी बारिश के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 और टर्मिनल-3 को जाने वाले रास्तों में पानी भर गया। दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने कहा कि दोपहर को हुई भारी बारिश के कारण टर्मिनल के पहुंच मार्ग और बाहर के क्षेत्रों में पानी जमा हो गया। जमा हुए पानी को कुछ समय के भीतर ही हटा दिया गया।

 

 

 

 

एक यात्री मानसी ने कहा कि मैंने ऐसा नजारा पहले कभी नहीं देखा। यहां बहुत अधिक पानी है। मैं लगभग आधे घंटे से यहां खड़ी हूं। मैं इंतजार कर रही हूं कि पानी का स्तर थोड़ा कम हो जाए ताकि मैं अराइवल गेट की तरफ जा सकूं।

 

 

 

खराब मौसम के कारण 9 फ्लाइट डायवर्ट

इस बीच भारी बारिश और खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 9 फ्लाइट का मार्ग बदलना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक फ्लाइट को दोपहर 3:30 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच दूसरे हवाई अड्डों की तरफ डायवर्ट किया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट 'फ्लाइटरडार24' के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर 400 से ज्यादा फ्लाइट देरी से उड़ीं। बता दें कि दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा देश का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट है। यहां रोजाना 1,300 से अधिक उड़ानें संचालित होती हैं।