भारतीय रिजर्व बैंक के नियमों के अनुसार अगर आपके पास फटे, पुराने, कटे-फटे या खराब हो चुके नोट हैं तो उन्हें बदलवाने के लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। देश के किसी भी बैंक की ब्रांच में जाकर ऐसे नोट बदले जा सकते हैं। इसके लिए बैंक ग्राहकों से अतिरिक्त शुल्क नहीं ले सकते और तय नियमों के तहत नोट बदलना उनकी जिम्मेदारी होती है। भारतीय रिजर्व बैंक की नोट वापसी नियमावली 2009 और संशोधित 2018 के तहत गंदे, डिफेक्टिव या कटे फट नोटों को बदलने का अधिकार आम नागरिकों को दिया गया है।
हालांकि, कई बार लोगों की शिकायत रहती है कि बैंक कर्मचारी नोट बदलने से इनकार कर देते हैं या उन्हें इधर-उधर भेज देते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने की जरूरत नहीं है। अगर कोई बैंक बिना उचित कारण के नोट बदलने से इनकार करता है तो ग्राहक पहले बैंक में शिकायत दर्ज करा सकता है। शिकायत का समाधान नहीं होने पर आरबीआई के लोकपाल के पास भी शिकायत की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: 'शेयर मार्केट में प्रॉफिट दिलाऊंगा', झांसा देकर बुजुर्ग से ठग लिए 2.35 करोड़
कौन-कौन से नोट बदले जा सकते हैं?
RBI के नियमों के अनुसार फटे हुए, कटे हुए, पुराने, गंदे, जिनके दो या दो से ज्यादा टुकड़े हो गए हैं या जिनका कोई हिस्सा गायब हो वह नोट बैंक में बदले जा सकते हैं। यदि नोट के आवश्यक हिस्से और सुरक्षा संबंधी पहचान स्पष्ट है तो बैंक उसे स्वीकार कर उसका पूरा मूल्य देता है। नोट बदलने की यह सुविधा केवल उसी बैंक ब्रांच तक सीमित नहीं है जहां आपका अकाउंट है। बल्कि आप अपने नजदीकी किसी भी व्यावसायिक बैंक की ब्रांच के काउंटर पर जाकर बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के अपने पुराने व कटे-फटे नोटों को बदलवा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: 4 साल में हुआ ग्रेजुएशन तो 1 साल में हो जाएगा PG, यूजीसी का नया नियम समझिए
कैसे करें शिकायत?
अगर बैंक आपकी शिकायत का समाधान नहीं करता या नोट बदलने से इनकार कर देता है। तो आप RBI के एकीकृत लोकपाल (Integrated Ombudsman) के पास शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले बैंक में शिकायत करें। यदि 30 दिनों के भीतर समाधान नहीं मिलता या जवाब संतोषजनक नहीं होता, तो आरबीआई के शिकायत पोर्टल (CMS) पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें।
आरबीआई के Complaint Management System (CMS) पर जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें। बैंक का नाम, ब्रांच, शिकायत का पूरा विवरण और मांगी गई व्यक्तिगत जानकारी दर्ज भरें। इसके बाद बैंक में की गई शिकायत की कॉपी और अन्य संबंधित डॉक्यूमेंट अपलोड करें। सभी जानकारी भरने के बाद शिकायत सबमिट करें। इसके बाद आपको एक शिकायत संदर्भ Reference Number मिलेगा। जिससे आप अपनी शिकायत की स्थिति ट्रैक कर सकते हैं।
