पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) का गठबंधन हो गया है। करीब छह साल बाद दोनों पुराने सहयोगी फिर एक साथ आए हैं। मंगलवार को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर दिल्ली में गठबंधन का ऐलान किया गया। इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि NDA के सबसे पुराने सहयोगी अकाली दल की वापसी खुशी की बात है।
अमित शाह ने गठबंधन का ऐलान करते हुए मीडिया के सवालों के जवाब भी दिए। एक सवाल के जवाब में अमित शाह ने यह साफ कर दिया कि पंजाब में बीजेपी पहले की तरह अब भी जूनियर पार्टनर ही रहेगी। अमित शाह ने कहा कि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा। सीएम के सवाल पर अमित शाह ने कहा कि बड़ा भाई ही सीएम होगा। यानी अगर गठबंधन सरकार बनाने की स्थिति में पहुंचता है तो सीएम अकाली दल से ही होगा।
यह भी पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में फिदायीन हमले की साजिश के आरोप में उजैद कुरैशी गिरफ्तार
सीटों के बंटवारे में पेंच?
बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन को लेकर लंबे समय से बातचीत चल रही थी। आज करीब 6 साल बाद एक बार फिर से दोनों दलों ने हाथ मिला लिया है। हालांकि, आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग फॉर्मूला तैयार नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि गठबंधन के ऐलान के बावजूद कुछ सीटों पर अभी भी पेंच फंसा हुआ है। पहले दोनों पार्टियों के बीच सीटों के बंटवारे का फॉर्मूला तय था। अकाली दल 94 और भाजपा 23 सीटों पर चुनाव लड़ती थी लेकिन इस बार बीजेपी अपनी सीटें बढ़ाना चाहती है। इसके साथ ही कुछ सीटों पर दोनों दल दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे में सीट बंटवारा काफी मुश्किल रहने की संभावना है।
डेरा बस्सी
चंडीगढ़ और हरियाणा के साथ लगती इस सीट पर दोनों पार्टियों की नजर है। बीजेपी 2024 के लोकसभा चुनाव में अपने प्रदर्शन के आधार पर कई सीटों पर दावा कर रही है, जिनमें से एक यह सीट भी है। वहीं अकाली दल भी इस सीट को अपने राजनीतिक प्रभाव और संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण मानता है। यही वजह है कि डेरा बस्सी सीट बंटवारे की बातचीत में विवाद का कारण बन सकती है।
बठिंडा शहरी
बठिंडा अकाली दल की राजनीति का अहम केंद्र रहा है। यहां बादल परिवार का भी राजनीतिक प्रभाव रहा है और इस जिले की ज्यादातर सीटों पर पार्टी मजबूत रही है। दूसरी तरफ बीजेपी भी शहरी क्षेत्रों में अपने जनाधार और लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के आधार पर सीट मांग रही है। ऐसे में बठिंडा शहरी सीट पर दोनों दलों की दावेदारी के बीच सहमति बनाना आसान नहीं होगा।
यह भी पढ़ें: दिलजीत के कॉन्सर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
श्री आनंदपुर साहिब
यह सीट अकाली दल के लिए राजनीतिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जाती है। अकाली दल यहां अपना उम्मीदवार उतारना चाहेगा, जबकि बीजेपी भी अपने चुनावी प्रदर्शन और संगठन के आधार पर इस सीट पर दावा कर सकती है। बीजेपी सिखों में पैठ बढ़ाने की कोशिश कर रही है इसलिए यह सीट उनके लिए काफी अहम हो जाती है। ऐसे में दोनों पार्टियों के बीच इस सीट को लेकर बातचीत अहम होगी।
फिरोजपुर शहर
फिरोजपुर शहर में भी दोनों दलों की दावेदारी सामने आ सकती है। अकाली दल का इस क्षेत्र में पुराना राजनीतिक आधार रहा है, वहीं बीजेपी शहरी मतदाताओं के बीच अपनी मौजूदगी के आधार पर सीट चाहती है। ऐसे में यह सीट भी गठबंधन के लिए मुश्किल सवाल हो सकती है। हालांकि, अभी तक दोनों पार्टियों की ओर से सीट बंटवारे को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
