पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा गठबंधन को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि गठबंधन की घोषणा जल्द ही हो सकती है। इन चर्चाओं ने कई नेताओं की राजनीतिक मुश्किलें बढ़ा दी हैं। खासकर उन नेताओं के लिए स्थिति मुश्किल होती दिखाई दे रही है, जो कभी अकाली दल में हुआ करते थे लेकिन सुखबीर सिंह बादल की लीडरशिप और पार्टी की नीतियों का विरोध करते हुए अलग हो गए और बाद में बीजेपी में शामिल हो गए। 

 

अकाली दल छोड़कर अलग-अलग पार्टियों से होते हुए बीजेपी में आने वाले कई ऐसे नेता हैं, जो अपने पुराने हलकों में दोबारा राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे हैं और बीजेपी से विधानसभा टिकट मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। अब अगर दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन होता है तो सीटों के बंटवारे में इन नेताओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो सकती है। क्योंकि जिन सीटों पर ये नेता बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहते हैं, वहां अकाली दल अपने पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं को दोबारा मौका देना चाहेगा।

 

यह भी पढ़ें: काशी में प्रेमचंद की विरासत, संग्रहालय में लगेंगे QR कोड; दिखेंगे अनकहे किस्से

 

अमृतपाल सिंह बोनी

इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा माझा इलाके की कुछ विधानसभा सीटों को लेकर हो रही है। अमृतपाल सिंह बोनी इसका बड़ा उदाहरण हैं, जो पहले अकाली दल में थे और अजनाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक भी रह चुके हैं। बाद में उन्होंने अकाली दल से दूरी बना ली और बीजेपी में शामिल हो गए। अब उनकी राजनीतिक उम्मीदें बीजेपी के साथ जुड़ी हुई हैं। लेकिन अगर बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन होता है तो अजनाला सीट पर अकाली दल का दावा मजबूत हो सकता है। ऐसे में बोनी के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है। अकाली दल अपने पुराने चुनावी समीकरण और इलाके में मौजूद संगठन के आधार पर इस सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने की कोशिश कर सकता है। ऐसे में बीजेपी के पास बोनी को टिकट देने का फैसला करना आसान नहीं होगा।

मनजीत सिंह मन्ना

इसी तरह मनजीत सिंह मन्ना का नाम भी इस चर्चा में अहम है। वह बाबा बकाला से अकाली दल के विधायक रह चुके हैं। बाद में अकाली दल से अलग होकर बीजेपी में शामिल हो गए। अब उनकी राजनीतिक गतिविधियां बीजेपी के साथ हैं और बाबा बकाला में उनका अपना राजनीतिक आधार भी है। लेकिन बाबा बकाला अकाली दल के प्रभाव वाले इलाकों में गिना जाता है। अगर दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन होता है तो अकाली दल इस सीट पर अपना पुराना दावा पेश कर सकता है। ऐसे में मन्ना के सामने सवाल होगा कि वह बीजेपी से टिकट कैसे हासिल करेंगे। अगर यह सीट अकाली दल के खाते में चली जाती है तो उनकी चुनाव लड़ने के प्लान को झटका लग सकता है।

रविकरण सिंह काहलों 

डेरा बाबा नानक क्षेत्र से जुड़े बड़े राजनीतिक चेहरे रविकरण सिंह काहलों को भी गठबंधन के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। वह बीजेपी से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे हैं और अकाली दल में रह चुके हैं। मई 2024 में अकाली दल से निकाले जाने के बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए थे। उनके परिवार का भी इलाके में राजनीतिक प्रभाव रहा है। ऐसे में बीजेपी में आने के बाद उनकी नजर अपने राजनीतिक भविष्य को मजबूत करने पर रही है। लेकिन डेरा बाबा नानक जैसी सीट पर अकाली दल की भी अपनी दावेदारी हो सकती है।

 

गठबंधन की स्थिति में पार्टी अपने पुराने नेताओं और स्थानीय समीकरणों को ध्यान में रखकर टिकट मांग सकती है। इससे काहलों की उम्मीदों पर असर पड़ने की आशंका है। इसके अलावा हरजीत सिंह संधू का नाम भी इस कड़ी में आता है। वह तरनतारन विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। अगर गठबंधन होता है तो तरनतारन सीट पर भी अकाली दल की दावेदारी उनके लिए परेशानी बन सकती है।

इन सीटों पर भी पड़ेगा असर

इसके अलावा बठिंडा ग्रामीण के पूर्व विधायक दर्शन सिंह कोटफत्ता भी इस नए उभर रहे राजनीतिक समीकरण से प्रभावित हो सकते हैं। वह भी पहले अकाली दल से जुड़े हुए थे और बाद में बीजेपी में शामिल हो गए। ऐसे नेताओं के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि उन्होंने अकाली दल छोड़कर बीजेपी में अपनी नई राजनीतिक पहचान बनाने की कोशिश की है। कई नेताओं ने अकाली दल की लीडरशिप और नीतियों का विरोध भी किया था। अब अगर दोनों पार्टियां एक मंच पर आती हैं तो उन्हें उन्हीं नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ राजनीतिक तालमेल बैठाना पड़ सकता है, जिनके खिलाफ वे पहले आवाज उठाते रहे हैं। 

 

यह भी पढ़ें: गंगा की लहरों पर गूंजेंगे सुर और संस्कृति के रंग, 20 नवंबर से काशी गंगा महोत्सव

क्या फाइनल हो गया गठबंधन?

बीजेपी का अब तक का आधिकारिक स्टैंड यह है कि पार्टी गठबंधन नहीं करेगी और सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। लेकिन राजनीति में पर्दे के पीछे कई बड़े खेल होते हैं और माना जा रहा है पंजाब की राजनीति में भी पर्दे के पीछे बड़ा खेल रचा जा रहा है। बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर बादल के संपर्क में है और मीटिंग भी हो चुकी हैं। भले ही बीजेपी 117 सीटों पर लड़ने का दावा कर रही हो लेकिन अकाली दल गठबंधन की खुलकर बात कर रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बातचीत हो रही है और फाइनल होने के बाद गठबंधन की दिसंबर महीने में घोषणा हो सकती है।