बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए बीजेपी और जेडीयू ने अपने अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को भी प्रत्याशी बनाया गया है। इसके अलावा पार्टी ने भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन प्रसाद को भी चुनाव मैदान में उतारा है। 

 

बीजेपी ने फिल्म अभिनेता एवं गायक पवन सिंह, डॉ. संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को अपना प्रत्याशी बनाया है। भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने यह सूची जारी की। लोकसभा में बीजेपी की टिकट को ठुकराने वाले पवन सिंह का एमएलसी बनना लगभग-लगभग तय माना जा रहा है।

 

जेडीयू प्रत्याशी

  • निशांत
  • भारती मेहता
  • शिवरानी देवी प्रजापति
  • ललन प्रसाद

यह भी पढ़ें: MLC चुनाव में कांग्रेस ने 'धोखा' देने वाले उम्मीदवारों को बाहर निकाला

बीजेपी उम्मीदवार

  • पवन सिंह
  • डॉ. संजय मयूख
  • अनिल कुमार ठाकुर
  • शीला पंडित


पवन सिंह को पहले भी टिकट दे चुकी बीजेपी

बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में पवन सिंह को पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से प्रत्याशी बनाया था। हालांकि पवन सिंह ने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया और बिहार की काराकाट सीट से उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़े। हालांकि पवन सिंह को हार का सामना करना पड़ा। बिहार विधानसभा चुनाव में कयासबाजी का दौर चला। कहा जाने लगा कि पवन सिंह को बीजेपी प्रत्याशी बना सकती है। मगर ऐसा नहीं हुआ। अब पावरस्टार पवन को धैर्य का इनाम मिला है।  

 

मौजूदा विधान पार्षद संजय मयूख पर पार्टी ने दोबारा दांव खेला है। संजय बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया सह-प्रमुख भी है। इसके अलावा शीला पंडित और अनिल कुमार ठाकुर को टिकट देकर बीजेपी ने सामाजिक और संगठनात्मक समीकरणों को साधा है। 

 

यह भी पढ़ें: पहले विधायक टूटे, अब सांसद? ममता बनर्जी की TMC पर 'सियासी ग्रहण'

किसने कितने सीटों पर उतारे प्रत्याशी?

बीजेपी ने कुल 4 प्रत्याशियों का ऐलान किया है। द्विवार्षिक चुनाव वाली 9 सीटों में जेडीयू ने 3 पर अपने प्रत्याशी उतारे। एक सीट पर उपचुनाव होना है। यहां जेडीयू ने ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने नीतीश कुमार के बेटे निशांत, पश्चिमी चंपारण की शिवरानी प्रजापति और मधुबनी की भारती मेहता को उम्मीदवार बनाया है। चिराग पासवान की पार्टी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी ने एक-एक सीट पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं।