कर्नाटक कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार अब देश के सबसे धनी मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। चुनावी हलफनामे के आधार पर एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति 1,413 करोड़ रुपये है। वह आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय से भी ज्यादा अमीर हैं।
देश के तीन सबसे अमीर मुख्यमंत्री दक्षिण भारत से ही हैं। शिवकुमार की संपत्ति में 1,140 करोड़ रुपये अचल संपत्ति और 273 करोड़ रुपये चल संपत्ति शामिल है। उनकी कुल देनदारी 265 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा है कि अपनी सारी संपत्ति उन्होंने अपने और परिवार के नाम पर साफ-साफ घोषित की है।
यह भी पढ़ें: डीके शिवकुमार बने कांग्रेस विधायक दल के नेता, 3 जून को लेंगे सीएम पद की शपथ
देश के 3 सबसे अमीर CM कौन हैं?
सीएम चंद्रबाबू नायडू की कुल संपत्ति जहां, 931 करोड़ रुपये है, वहीं तीसरे सबसे अमीर सीएम सी. विजय जोसेफ की कुल संपत्ति 648 करोड़ रुपये है। डीके शिवकुमार की कुल संपत्ति 1,413 करोड़ रुपये
के आसपास है।
अमीरी को खुलकर दिखाते हैं डीके शिवकुमार
डीके शिवकुमार अपनी अमीरी को छुपाते नहीं हैं। वह महंगे ब्रांडेड कपड़े पहनते हैं। उनके वार्डरोब में लुइ वितां, चैनल, प्राडा, बर्बरी, गूची जैसे ब्रांड्स् हैं। वह रोलेक्स और कार्टियर की करोड़ों की घड़ियां पहनते हैं। उनके शर्ट और कुर्तों पर 'DK' मोनोग्राम भी अक्सर दिखता है।
यह भी पढ़ें: मुख्यमंत्री तो बन जाएंगे DK शिवकुमार, कहां फंसने वाले हैं? इनसाइड स्टोरी
कैसे अमीर होते गए डीके शिवकुमार?
साल 2008 में उनकी संपत्ति 75.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 2013 में 251 करोड़, 2018 में 840 करोड़ और अब 2023 में 1,413 करोड़ रुपये हो गई है। ज्यादातर बढ़ोतरी पिता और दादी से मिली कृषि भूमि की वजह से हुई है। उनकी बेंगलुरु में ही कई संपत्तियां हैं। जैसे-जैसे दाम बढ़े, डीके शिवकुमार अमीर होते चले गए।
देश के सबसे अमीर विधायकों में शिवकुमार का नाम भी शामिल है। फिलहाल सबसे ज्यादा संपत्ति तमिलनाडु की AIADMK विधायक लीमा रोज मार्टिन के पास है। उनकी कुल संपत्ति 5,863 करोड़ रुपये बताई जा रही है। डीके शिवकुमार की संपत्ति मुख्य रूप से विरासत में मिली जमीन, निवेश और महंगाई की वजह से है।
