देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र:-
'राहुल गांधी, आप जिंदगी भर यही गलती करते रहे कि चेहरे पर धूल थी, लेकिन आईना साफ करते रहे।'


महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी 'मैच फिक्सिंग' वाले बयान पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी हर बार गलत दिशा में बयानबाजी करते हैं और देश के जनादेश को खारिज करते हैं। उन्होंने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष के तौर उनके बयानों में गंभीरता होनी चाहिए।   


देवेंद्र फडणवीस ने कहा राहुल गांधी 2024 के राज्य विधानसभा चुनावों में हार पर आत्मावलोकन करने की जगह जनादेश को अस्वीकार कर रहे हैं। जनता ने उन्हें खारिज कर दिया है। देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि राहुल गांधी बिहार और दूसरे विधानसभा चुनावों में मिलने वाली जा रही हार के बहाने तैयार कर रहे हैं। 

 

राहुल गांधी ने क्या कहा था?


राहुल गांधी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा था कि 2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट था। यह मैच फिक्सिंग अब बिहार में भी दोहराई जाएगी।

राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
नाव की चोरी का पूरा खेल। 2024 का महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव लोकतंत्र में धांधली का ब्लूप्रिंट था। अपने आर्टिकल में मैंने विस्तार से बताया है कि कैसे यह साज़िश स्टेप बाय स्टेप रची गई। चुनाव आयोग की नियुक्ति करने वाले पैनल पर कब्जा। वोटर लिस्ट में फर्जी मतदाता जोड़े गए। मतदान प्रतिशत बढ़ा चढ़ा कर दिखाए। जहां बीजेपी को जिताना था, वहां टारगेट करके फर्जी वोटिंग कराई गई। सबूतों को छुपा दिया गया। ये समझना बिल्कुल मुश्किल नहीं है कि महाराष्ट्र में भाजपा इतनी बौखलाई हुई क्यों थी। चुनाव में धांधली भी मैच फिक्सिंग जैसी होती है, जो पक्ष धोखाधड़ी करता है, वो भले ही जीत जाए, लेकिन इससे लोकतांत्रिक संस्थाएं कमजोर होती हैं और जनता का नतीजों से भरोसा उठ जाता है। हर ज़िम्मेदार नागरिक को सबूतों को खुद देखना चाहिए सच्चाई समझनी चाहिए और जवाब मांगने चाहिए। क्योंकि महाराष्ट्र की यह मैच फिक्सिंग अब बिहार में भी दोहराई जाएगी और फिर वहां भी, जहां-जहां बीजेपी हार रही होगी। मैच फिक्स किए गए चुनाव लोकतंत्र के लिए जहर हैं।

चुनाव आयोग ने क्या कहा था?


चुनाव ने आरोप को खारिज करते हुए कहा था कि अनुकूल परिणाम नहीं मिलने के बाद चुनाव निकाय को बदनाम करना पूरी तरह बेतुका काम है।

 

देवेंद्र फडणवीस ने क्या कहा?


देवेंद्र फडणवीस:- 
लोगों ने राहुल गांधी को खारिज कर दिया है और इसके बदले में वह लोगों और उनके जनादेश को अस्वीकार कर रहे हैं। एक बार हार स्वीकार कर लेना अधिक विवेकपूर्ण होगा। इस बात पर आत्मचिंतन करने की जरूरत है कि आप कहां गलत हैं, लोगों के साथ आपका जुड़ाव क्यों कम है और आपको इसके बारे में क्या करना चाहिए। आपको आत्ममंथन करना चाहिए।