कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने 2010 में पार्टी की तत्कालीन अध्यक्ष सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनने की अपनी 'लंबे समय से चली आ रही इच्छा' के बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने सुझाव दिया था कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है। सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा में इसका उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि प्रणब मुखर्जी के इस सुझाव से वह चौंक गई थी क्योंकि वह मनमोहन सिंह को हटाने की बात कह रहे थे।
सोनिया गांधी ने अपनी बहुचर्चित पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में इस आलोचना को खारिज किया है कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) के शासनकाल के दौरान वह 'पर्द के पीछे से सरकार चला रही थीं। उन्होंने बताया कि वह शुरू से ही इस बात को लेकर स्पष्ट थीं कि यूपीए की उस सरकार में मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे और वह केवल पार्टी अध्यक्ष के तौर पर सिर्फ अपनी राय दे सकती थीं। यहां तक कि उनसे अपनी असहमति भी जता सकती थीं लेकिन मनमोहन सिंह के प्रति सम्मान व्यक्त करना और उनकी बात को तरजीह देना उनका कर्तव्य था।
यह भी पढ़ें: 'नजरें मिलाने से बचते हैं', सोनिया गांधी ने PM मोदी के लिए किताब में क्या लिखा?
उन्होंने अपनी किताब में लिखा है, 'इसके अलावा, मैं किसी भी परिस्थिति में ऐसा कारण नहीं बनना चाहती थी जिससे कोई गलतफहमी पैदा हो और हमारे विरोधियों को खुशी मनाने तथा हमारी सरकार को कमजोर करने का मौका मिले।'
पार्टी और सरकार के बीच शक्तियों के बंटवारे का उल्लेख
मंगलवार को बाजार में आई अपनी किताब में सोनिया गांधी ने लिखा है कि तत्कालीन प्रधानमंत्री और उनके बीच जिम्मेदारियों का एक 'अघोषित बंटवारा' था, जो सुचारू रूप से काम कर रहा था। उन्होंने लिखा, 'डॉ. मनमोहन सिंह के नेतृत्व में सरकार थी और मेरे नेतृत्व में पार्टी।' किताब में पार्टी और सरकार के बीच शक्तियों के बंटवारे का उल्लेख करते हुए सोनिया गांधी ने एक किस्सा भी साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया है कि प्रणब मुखर्जी ने एक बार प्रधानमंत्री बनने की अपनी इच्छा का संकेत दिया था। उन्होंने लिखा, 'प्रधानमंत्री के साथ समन्वय बैठाने के लिए एक कोर समूह हर सप्ताह बैठक करता था। समूह के अन्य सदस्यों में प्रणब मुखर्जी भी शामिल थे। प्रणब मुखर्जी 1970 के दशक में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी सरकार में मंत्री रह चुके थे। उनके अलावा समूह में मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम अर्जुन सिंह, केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ए. के. एंटनी और अहमद पटेल भी थे।'
सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया कि ससंद में उठाए जाने वाले मुद्दों पर चर्चा करने के लिए एक रणनीति समूह गठित था. जिसकी नियमित तौर पर बैठकें होती थीं। उन्होंने अपनी किताब में लिखा, 'कभी-कभी प्रणब जी, जैसा कि मैं उन्हें हमेशा बुलाती थी, बैठक के बाद कुछ देर बातचीत के लिए रुक जाते थे।'
यह भी पढ़ें: 'पहली नजर में प्यार हो गया', सोनिया ने बताई राजीव गांधी से मुलाकात की कहानी
सोनिया गांधी के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी और तत्कालीन वित्त मंत्री पी. चिदंबरम के बीच गंभीर मतभेद हो गए थे। उन्होंने लिखा, '2010 में एक बार अपनी निराशा व्यक्त करने के बाद, प्रणब मुखर्जी ने मुझे यह सुझाव देकर चौंका दिया था कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है। मैंने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी लंबे समय से चली आ रही इच्छा के संकेत के रूप में समझा।' जिसके बाद सोनिया गांधी ने अपनी किताब में आगे लिखा, 'मैंने धीरे से बातचीत का रुख बदल दिया। हालांकि वह शायद निराश हुए हों, लेकिन उन्होंने कभी मुझे यह महसूस नहीं होने दिया कि उन्होंने इस बात का बुरा माना है।'
2012 में प्रणब मुखर्जी बने थे देश के राष्ट्रपति
सोनिया गांधी ने अपनी किताब आगे लिखा कि कांग्रेस ने 2012 में प्रणब मुखर्जी को यूपीए का राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया था। जिसके बाद वह देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर भी निर्वाचित हुए। उन्होंने लिखा, 'मैं अक्सर उनसे मिलने जाती थी। ज्यादातर उनसे बातचीत करने के लिए, क्योंकि वह हमेशा एक विद्वान और जानकार राजनेता रहे।'
यूपीए सरकार के दौरान वास्तविक सत्ता अपने पास होने के आरोपों पर सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में लिखा है कि सरकार बनने के तुरंत बाद से ही मीडिया में इस तरह की कई खबरें आने लगी थीं। इनमें से कुछ खबरें प्रधानमंत्री के आसपास के लोगों की ओर से दी गई जानकारी पर आधारित थीं।
यह भी पढ़ें: 'अब मेरी बारी, तमाशा होना तय है', किताब लॉन्च होने से पहले बोली सोनिया गांधी
उन्होंने किताब में लिखा, 'एक दशक बाद डॉ. मनमोहन सिंह के पूर्व सहयोगियों में से एक ने एक पुस्तक प्रकाशित की, जिसमें मेरे विरोधियों द्वारा काफी समय से फैलाए जा रहे दुर्भावनापूर्ण और पूरी तरह झूठे आरोपों को दोहराया गया। मुझपर आरोप लगाया गया कि मैं प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से फाइलें मंगवाती थी। प्रशासनिक मामलों में हस्तक्षेप करती थी और महत्वपूर्ण नियुक्तियां करती थी।'सोनिया गांधी ने इन सभी आरोपों को खंडन करते हुए कहा कि सालों से उनके ऊपर इससे भी कई गंभीर आरोप लगाए जाते रहे थे। लेकिन सबसे ज्यादा दुख उन्हें इस मनगढ़ंत आरोप से हुआ कि वह सरकारी फाइलें देखती थीं। जबकि सभी जानते हैं कि सरकार से बाहर किसी भी व्यक्ति के लिए ऐसा करना अनुचित होता है।
नियमों का पालन करने को लेकर सतर्क: सोनिया गांधी
सोनिया गांधी ने किताब में कहा, 'मैं नियमों का पालन करने को लेकर हमेशा सतर्क रही हूं और संप्रग सरकार के समय के दौरान तो मैं इसे लेकर और भी अधिक सावधान थी' सोनिया गांधी ने बताया कि पीएमओ ने एक बयान जारी कर उन्हें सरकारी फाइलें दिखाने की आरोपों को स्पष्ट रूप से इनकार भी किया था। उन्होंने मनमोहन सिंह के पूर्व सहयोगी की किताब का भी जिक्र करते हुए लिखा, 'डॉ. मनमोहन सिंह की बेटी उपिंदर सिंह ने एक इंटरव्यू में इस किताब को पीठ में छुरा घोंपने जैसा, बड़ा विश्वासघात और दुर्भावनापूर्ण तथा अनैतिक प्रयास बताया था। उपिंदर सिंह ने पुष्टि की थी कि उनके पिता और मेरे बीच आपसी विश्वास और सम्मान का रिश्ता था। हालांकि, विपक्ष और मीडिया ने इस तरह से पेश किया कि मैं सरकार को पर्द के पीछे से चला रही थी।'
