आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद इन दिनों जबरदस्त चर्चा में हैं। राज्यसभा में AAP के डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद से बागी मूड में चल रहे राघव के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। युवाओं में काफी लोकप्रिय राघव चड्ढा ने ऐसे ही एक युवा का एक वीडियो शेयर करके संकेत दिए हैं कि वह आगे क्या कर सकते हैं। नेपाल में युवा नेता बालेन शाह का प्रधानमंत्री बनना हो या अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में जोहरान ममदानी का मेयर बनना, ये सब सोशल मीडिया से जुड़ा हुआ है, यही वजह है कि अब राघव चड्ढा की तुलना भी इन नेताओं से होने लगी है। राघव चड्ढा ने जिस वीडियो को शेयर किया है उसमें एक युवक ने राघव को सलाह दी है कि उन्हें नई पार्टी बनानी चाहिए।

 

डिप्टी लीडर के पद से हटाए जाने के बाद अपनी ही पार्टी के खिलाफ वीडियो जारी कर रहे राघव चड्ढा अब AAP नेताओं के निशाने पर हैं। इस बीच चर्चा यह हो रही है कि आखिर राघव चड्ढा क्या करने वाले हैं? कयास लगाए जा रहे हैं कि वह स्वाति मालीवाल की तरह AAP में बने रहते हुए ही अपना कार्यकाल पूरा करेंगे और उसके बाद ही वह कोई कदम उठाएंगे। हालांकि, यह माना जा रहा है कि वह सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ हैं और बिना पार्टी ज्वाइन किए ही उसका साथ देते रह सकते हैं। इस बीच उन्होंने एक रील शेयर करके कयासों को और हवा दे दी है।

 

यह भी पढ़ें: राघव चड्ढा की रील पर प्रियंका चोपड़ा ने क्या कमेंट कर दिया कि चर्चा होने लगी?

उस रील में आखिर क्या है?

 

राघव चड्ढा ने एक रील शेयर की है जिसमें एक कॉन्टेंट क्रिएटर कह रहा है, 'हर कोई चाहता है कि राघव चड्ढा अपनी नई पार्टी बनाएं। जेन जी पार्टी या किसी भी और नाम से पार्टी बनाएं। अगर वह किसी और पार्टी में शामिल होते हैं तो शायद उन्हें वैसा सपोर्ट नहीं मिलेगा जैसा अभी मिल रहा है। हो सकता है कि तब उनको हेट भी मिल सकता है। खुद की पार्टी बनाना एक बढ़िया फैसला रहेगा। पूरा यूथ आपको सपोर्ट करेगा और एकतरफा जीत जाओगे आप।' इस वीडियो को खुद राघव चड्ढा ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर शेयर करते हुए लिखा, 'इंटरेस्टिंग थॉट।'

 

राघव चड्ढा के इस पोस्ट के शेयर करने के चलते कयास लगाए जा रहे हैं कि वह ऐसा भी कोई कदम उठा सकते हैं। इसकी एक वजह यह भी है कि AAP नेता अब खुलकर कह रहे हैं कि राघव बीजेपी में सकते हैं। अगर राघव चड्ढा बीजेपी में न जाकर नई पार्टी में बनाते हैं तो वह अपने ऊपर लगने वाले कई आरोपों को एक झटके में खत्म कर सकते हैं।

 

यह भी पढ़ें: पहले उठाया, फिर गिराया, राघव चड्ढा के साथ ऐसा क्यों कर गए अरविंद केजरीवाल?

 

रोचक बात है कि जिस दिन से राघव चड्ढा को उनके पद से हटाया गया है, वह अपनी ही पार्टी पर भड़के हुए हैं। उनका कहना है कि वह तो जनता के मुद्दे उठा रहे थे लेकिन उन्हें चुप करा दिया गया है। वहीं, AAP नेताओं ने आरोप लगाए हैं कि राघव चड्ढा पार्टी की बातें नहीं सुनते हैं और गैरजरूरी मुद्दे उठाते रहते हैं।