आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों की बगावत में तीन सांसदों ने पार्टी का साथ नहीं छोड़ा है। एक हैं संजय सिंह, दूसरे हैं नारायण दास गुप्ता और तीसरे हैं बलबीर सिहं सीचेवाल। इन तीनों में बलबीर सिंह सीचेवाल ही पंजाब से सांसद हैं बाकी दोनों दिल्ली के सांसद हैं। बलबीर सीचेवाल शनिवार को पंजाब के सीएम भगवंत मान के साथ एक मीटिंग में भी शामिल हुए। बगावत में शामिल न होने के सवाल पर बलबीर सीचेवाल का कहना है कि पार्टी छोड़ने वालों की इतनी हिम्मत ही नहीं हुई कि उनसे इसके बारे में पूछ सकें। बलबीर सीचेवाल ने यह भी कहा है कि उन्हें कोई पद गंवाने का डर नहीं है और उन्होंने कभी यह पद मांगा भी नहीं था।
पर्यावरण के क्षेत्र में बेहतरीन काम के लिए मशहूर बलबीर सिंह सीचेवाल आम आदमी पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय नहीं दिखते इसके बावजूद वह पार्टी के साथ बने हुए हैं। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा है कि पार्टी बदलने के बारे में उनकी किसी से कोई बात नहीं हुई है।
क्या बोले बलबीर सिंह सीचेवाल?
बलबीर सिंह सीचेवाल ने इस बारे में बात करते हुए कहा है, 'उनमें इतनी हिम्मत नहीं थी कि मुझसे किसी अन्य पार्टी में जाने की बात कर सकें। मैं किसी पद के जाने से नहीं डरता, ना तो पार्टी में और ना ही पार्टी के बाहर। मैंने कभी यह पद मांगा भी नहीं है।' इस घटना को अवसरवादिता करार देते हुए बलबीर सीचेवाल ने कहा है कि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं ने कभी उन्हें अपना साथी भी नहीं समझा और उनके काम करने के तरीके से बेहद असहज भी रहते थे।
यह भी पढ़ें: केजरीवाल के 'भरोसेमंद सिपाही' रहे राघव चड्ढा का जाना AAP के लिए कितना बड़ा झटका?
उन्होंने कहा है, 'पाला बदलने वाले ज्यादातर सांसदों को दिल्ली से चुना गया था लेकिन मुझे भगवंत मान ने चुना था।' उन्होंने यह भी कहा कि वह कई बार राज्यसभा सीट के लिए इनकार भी कर चुके थे। अपने साथी सांसदों के बारे में बलबीर सीचेवाल का कहना है, 'राज्यसभा में मेरी मौजूदगी, पंजाब के मुद्दों पर मेरे सवाल और जमीन पर मेरे काम कई लोगों को सूट नहीं करते थे।'
बागियों पर भड़के सीचेवाल
बलबीर सिंह सीचेवाल ने इशारों ही इशारों को राघव चड्ढा को आड़े हाथ लेते हुए कहा है, 'मेरी अपनी ही पार्टी के नेता कभी भी संसद में किसी बिल पर मुझे बोलने की अनुमति नहीं दी। उन लोगों के पास पावर थी लेकिन उन्होंने जनता के लिए क्या किया? जब पावर छीन ली गई या उनके बिजनेस को खतरा दिखा तो ये लोग छोड़कर चले गए लेकिन मेरे पास डरने के लिए कुछ नहीं है। मेरा एक ही मिशन है कि मैं पंजाब के मुद्दों को संसद में उठाऊं और सांसद निधि को जनता के कल्याण पर खर्च कर सकूं।'
यह भी पढ़ें: AAP कार्यकर्ताओं ने बागी सांसदों के घर के बाहर लिख दिया ’गद्दार’, जलाया पुतला
बता दें कि भले ही बलबीर सिंह सीचेवाल मीडिया में कम दिखते हैं या कम इंटरव्यू देते हैं लेकिन संसद में वह सबसे ज्यादा हाजिरी वाले सांसदों में हैं। वह संसद की सभी बहसों में हिस्सा लेते हैं और पानी, खेती और ग्रामीण मुद्दों पर अपनी राय भी रखते हैं।
