थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने सोमवार को सत्तारुढ़ डीएमके पर हमला किया। चेन्नई में डीएमके पर तंज कसते हुए एक पार्टी नेता ने कहा कि कांग्रेस के बिना चुनाव में डीएमके को 25 से 30 सीटें जीतने में भी मुश्किल हो जाएगा।

 

तमिलगा वेत्री कझगम के नेता निर्मल कुमार ने दावा किया कि डीएमके की मौजूदा ताकत काफी हद तक उसके सहयोगी दलों पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि डीएमके राज्य विधानसभा चुनावों में अकेले चुनाव नहीं जीत सकती।

 

यह भी पढ़ें: 'बंगाल में BJP आई तो इस्लामपुर होगा ईश्वरपुर', नितिन नवीन ने भरी हुंकार

TVK ने बताई जमीनी हकीकत

निर्मल कुमार ने राजधानी चेन्नई में मीडिया से बात करते हुए कहा, 'अगर कांग्रेस नहीं होती तो डीएमके 25 से 30 सीटें पार नहीं कर सकती। आज की जमीनी हकीकत यही है। 2006 में भी डीएमके, कांग्रेस के बिना 30 सीटें पार नहीं कर पाती। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन यह बात अच्छी तरह जानते हैं।'

 

यह भी पढ़ें: 2026 में Gen Z ही तय करेंगे किसकी बनेगी सरकार? डेटा से समझिए खेल

कांग्रेस का पूरे तमिलनाडु में सम्मान

निर्मल कुमार ने कांग्रेस को एक प्राकृतिक साथी बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का पूरे तमिलनाडु में सम्मान किया जाता है और डीएमके नेताओं की राज्य में लोग आलोचना करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डीएमके ने कांग्रेस का सम्मान नहीं किया इसलिए यहां गठबंधन में दिक्कत आ रही है।

 

उन्होंने आगे कहा, 'TVK की जमीनी हालात और सर्वे देखने के बाद डीएमके बहुत डरी हुई है। इसीलिए वे किसी को भी अपने गठबंधन में शामिल करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। यहां तक कि DMDK जैसी पार्टियों को भी शामिल कर रहे हैं, जिन्हें कोई भी अपने गठबंधन में शामिल नहीं करता था।' वहीं, बीजेपी पर निशाना साधते हुए TVK निर्मल कुमार ने कहा कि वह धर्म-आधारित राजनीति करती है। साथ ही कहा कि इस बीजेपी की तरह की राजनीति तमिलनाडु में नहीं चलेगी।