उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी बिसात बिछने लगी है। सत्ता पक्ष पर हमलों और चुनावी रणनीति के बीच विपक्ष के दो चेहरे आजम खान और चंद्रशेखर आजाद अपने संघर्ष और जेल में गुजरे मुश्किल दिनों की कहानी जनता के सामने रख रहे हैं। मंचों से छलकते आंसू, जेल की यातनाओं के किस्से और परिवार पर गुजरी मुश्किलों का जिक्र अब सियासी चर्चा का हिस्सा बन गया है।

 

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान खुद को 'आधा जिंदा' बता रहे हैं, तो आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद कह रहे हैं कि उन्होंने जनता के आंसू पोंछने के लिए तकलीफें झेली हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या यूपी में सहानुभूति के सहारे सत्ता की चाबी तलाशने की कोशिश हो रही है?

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने 26 नवंबर को पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र से जुड़े कार्यक्रम में अपने जेल के दिनों को याद करते हुए भावुक संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने साढ़े पांच साल जेल में बिताए। पांच साल तक अंधेरी कोठरी की तन्हाई में रहे। आज जो व्यक्ति लोगों के सामने खड़ा है, वह 'आधा जिंदा' है। उन्होंने यहां तक कहा कि जेल में रहते हुए वह हर रात मौत की दुआ करते थे। आजम खान ने समर्थकों से कहा कि अगर उनसे कोई गलती हो जाए तो उन्हें माफ कर दिया जाए। पांच साल की कोठरी की तन्हाई ने उनके दिल, दिमाग और शरीर को कमजोर कर दिया है।

 

उन्होंने कहा कि अगर वह, उनका बेटा और उनकी बेटी आम इंसान होते तो शायद अब तक मिट गए होते। उन्होंने अपने संघर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने ठान लिया था कि अगर मरेंगे भी तो कुछ करके मरेंगे। आजम ने जेल के उन पलों को भी याद किया, जब उन्हें लगा कि सब कुछ खत्म हो जाएगा।

 

उन्होंने जेल प्रशासन की ओर से स्थानांतरण की सूचना मिलने के समय को बेहद कठिन दौर बताया। अपने बेटे अब्दुल्ला आजम का जिक्र करते हुए कहा कि उनके जीवन का सबसे दुखद समय वह था, जब उन्हें अपने उस बेटे को जेल में देखना पड़ा, जिसे वह बेगुनाह मानते हैं। एक पिता के लिए इससे बड़ा दर्द क्या हो सकता है।

बेटे का सवाल आजम के जिगर में खंजर की तरह लगा

आजम खान ने एक साक्षात्कार में जेल के दिनों का एक और भावुक किस्सा साझा किया। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद जेल में रहने से डर नहीं लगता था, लेकिन अपने पढ़े-लिखे बेटे अब्दुल्ला को अपने साथ जेल में सुलाना और उससे यह सुनना कि 'क्या अब्बा कभी छूट भी पाएंगे?' उनके लिए बेहद तकलीफदेह था। आजम के मुताबिक, बेटे का यह सवाल ऐसा लगा जैसे किसी ने उनके जिगर में खंजर डालकर चीर दिया हो।

 

उन्होंने बताया कि एक बार उन्हें और उनके बेटे को अलग-अलग गाड़ियों में बैठाने की बात हुई। उस समय प्रदेश में एनकाउंटर का माहौल था। आजम ने कहा कि उस पल उनके मन में आया कि शायद यह बेटे से आखिरी मुलाकात है और अब दोनों को मार दिया जाएगा।

 

यह भी पढ़ें: UP में गन्ने का दाम बढ़ाने की तैयारी, योगी का चुनाव से पहले किसानों को तोहफा

 

आजम ने यह भी कहा कि जेल में रहते हुए वह कई बार अपने बेटे अब्दुल्ला और आसपास मौजूद लोगों से कहते थे कि काश अखिलेश यादव भी छह महीने जेल में आ जाते, तब उन्हें पता चलता कि दिन कैसे गुजरते हैं और रातें किस तरह कटती हैं। उन्होंने अपने समर्थकों से माफी मांगते हुए कहा कि जेल की तन्हाई ने उन्हें भीतर तक कमजोर कर दिया है।

'हम वोट कटवा नहीं, वोट जुड़वा हैं' 

आजम खान ने अपने संबोधन में सपा की चुनावी राजनीति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाजवादी पार्टी का खेल बिगाड़ना चाहते हैं। उन्होंने खुद को वोट कटवा नहीं, बल्कि वोट जुड़वाने वाला बताया। उनका कहना था कि कुछ लोग सपा को सत्ता में आने से रोकना चाहते हैं, लेकिन वे खुद न तो सरकार बना सकते हैं और न किसी को सरकार बनाने दे सकते हैं।

चंद्रशेखर ने तिहाड़ जेल की यातना, पिता की मौत तक सुनाई कहानी

 

दूसरी तरफ, 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की महारैली में आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने अपने संघर्ष की कहानी सुनाई। इस रैली में असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम और चंद्रशेखर की पार्टी ने एक मंच साझा किया। चंद्रशेखर ने तिहाड़ जेल में बिताए दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह जेल में बंद थे तो कई दिनों तक पेशाब में खून आता रहा।

 

वह खाना नहीं खा पाते थे और उठ भी नहीं पाते थे। उन्होंने कहा, 'यह सब मैंने आपकी आंखों के आंसू पोंछने के लिए किया।' उन्होंने जनता से कहा कि उनका मकसद निजी लाभ हासिल करना नहीं था। वह लोगों की तकलीफें दूर करना, उन्हें इज्जत की जिंदगी दिलाना और उनके हकों की लड़ाई लड़ना चाहते हैं। चंद्रशेखर ने कहा कि इतिहास गवाह रहेगा कि जब भी किसी पर जुल्म हुआ, भीम आर्मी के लोगों ने पीठ नहीं दिखाई और पीड़ितों की आवाज बनने का काम किया।

पिता को कैंसर हुआ, इलाज के लिए पैसे नहीं थे

चंद्रशेखर ने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति और पिता की बीमारी का जिक्र करते हुए कहा कि उनका जन्म एक छोटे से गांव में गरीबी और बेबसी के बीच हुआ। उन्होंने माता-पिता के सपने पूरे करने के लिए पढ़ाई की। पढ़ाई पूरी करने के बाद जब पिता की मदद करने का समय आया तो पता चला कि उन्हें कैंसर है और वे ज्यादा दिन नहीं बचेंगे।

 

उन्होंने बताया कि जेब में पैसे नहीं थे। पिता के इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ा। चंद्रशेखर के मुताबिक, एक दिन उनके पिता ने उनसे पूछा कि खाते में कितने पैसे हैं। उन्होंने बताया कि करीब एक लाख रुपये हैं। इस पर पिता ने कहा कि वह कर्ज लेकर मरना नहीं चाहते। चंद्रशेखर ने बताया कि उनके पिता 11 जनवरी 2013 को दुनिया छोड़कर चले गए और वह उन्हें बचा नहीं सके। उन्होंने इसके लिए इलाज की व्यवस्था अच्छी न होने की बात कही।

नाखून खींचने और रीढ़ की हड्डी तोड़ने का लगाया आरोप

चंद्रशेखर ने अपने आंदोलनों के दौरान हुई कथित पुलिस प्रताड़ना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह निर्दोष होते हुए जेल गए और 16 महीने जेल में रहे। उनके मुताबिक, जमानत मिलने के बाद 2017 में उन पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगा दिया गया। इसके बाद तुगलकाबाद में आंदोलन के दौरान वह 66 दिन तक जेल में रहे।

 

यह भी पढ़ें: ओवैसी और चंद्रशेखर से आजम खान को क्यों है सियासी चुनौती? 2027 का पूरा गणित समझिए

 

उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के खिलाफ आंदोलन के दौरान दिल्ली में कथित पिटाई का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें जानवरों की तरह पीटा गया। उनके पैरों के नाखून खींचे गए, लाठियों से मारा गया और उनकी रीढ़ की हड्डी तीन जगह से टूट गई। चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि उन्हें मरा हुआ समझकर फेंक दिया गया था। ये सभी बातें उन्होंने रैली में अपने संघर्ष और आंदोलन के दौरान झेली गई पीड़ा के रूप में रखीं।

मायावती के लिए गेस्ट हाउस कांड बना सबसे बड़ा राजनीतिक हथियार

यूपी की राजनीति में भावनात्मक घटनाओं को चुनावी मुद्दा बनाने का इतिहास पुराना है। इसकी सबसे बड़ी मिसाल 2 जून 1995 का लखनऊ गेस्ट हाउस कांड है। उस समय बहुजन समाज पार्टी ने मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। इससे सरकार अल्पमत में आ गई थी। इसी राजनीतिक घटनाक्रम के दौरान लखनऊ के स्टेट गेस्ट हाउस में मायावती और बसपा विधायकों पर भीड़ ने हमला कर दिया था।

 

गेस्ट हाउस में बसपा की बैठक चल रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद विधायकों के साथ मारपीट की गई और मायावती को अपनी सुरक्षा के लिए एक कमरे में बंद होना पड़ा। उस समय बीजेपी के विधायक ब्रह्मदत्त द्विवेदी ने पुलिस अधिकारियों की मदद से मायावती को सुरक्षित बाहर निकलवाया था।

 

इस घटना के अगले ही दिन बीजेपी और दूसरे दलों के समर्थन से मायावती ने सरकार बना ली और मुख्यमंत्री बनीं। इसके बाद गेस्ट हाउस कांड सपा और बसपा के बीच लंबे राजनीतिक टकराव की वजह बन गया। मायावती ने इस घटना को दलित सम्मान और अस्मिता पर हमला बताते हुए लगातार सपा को घेरा।