हैदराबाद में चल रहे कांग्रेस के भारत समिट 2026 में यूरोपीय सोशलिस्ट पार्टी (PES) के महासचिव जियाकोमो फिलिबेक ने 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया है। उनके नारे पर कांग्रेस और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की विचारधारा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि विदेशी मेहमानों के सामने अपनी संप्रभुता का मजाक उड़ते देखकर सिर्फ राहुल गांधी ही खुश हो सकते हैं।
जब जियाकोमो फिरिबेक सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे, तब राहुल गांधी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हंसते नजर आए। कांग्रेस नेता ताली बजाते नजर आए हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने इसे लेकर कड़ी नाराजगी जताई है। उनका सवाल है कि विदेशी मेहमानों के सामने ऐसी बातें की जा रही हैं, जिसमें देश की व्यवस्था पर ही सवाल उठाए जा रहे हैं।
किरेन रिजीजू, संसदीय कार्यमंत्री:-
क्या आपने कभी किसी को तब हंसते हुए देखा है, जब कोई विदेशी भारत का अपमान करता है? मैं यह नहीं पूछ रहा कि कौन सा भारतीय विदेश जाकर भारत का अपमान करता है।
'जॉर्ज सोरोस की कठपुतली हैं राहुल गांधी'
BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर विदेशी मदद मांगने का आरोप लगाया है। उन्होंने राहुल गांधी को विदेशी ताकतों और जॉर्ज सोरोस की कठपुतली करार दिया है। प्रदीप भंडारी ने दावा किया कि राहुल विदेशी मदद से सत्ता परिवर्तन चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी अब नेता प्रतिपक्ष की तरह नहीं, बल्कि विदेशी ताकतों की कठपुतली की तरह व्यवहार कर रहे हैं।
BJP नेता शाहनवाज हुसैन ने समिट में लगे नारों पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि किसी विदेशी को भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने का अधिकार नहीं है। उनके मुताबिक कांग्रेस को देश में लोग नहीं मिल रहे, इसलिए वह विदेशियों से नारे लगवा रही है।
जियाकोमो फिलिबेक ने क्या कहा?
ANI के साथ बातचीत में जियाकोमो फिलिबेक ने कहा कि भारत में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसे बचाने का सबसे अच्छा तरीका राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ खड़ा होना है। उनका कहना था कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भारतीय लोकतंत्र की चुनौतियों की ओर ध्यान खींचने के लिए जरूरी हैं।
विपक्ष राहुल गांधी के रुख पर क्या कह रहा है?
शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने जियाकोमो फिलिबेक का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली की प्रधानमंत्री को मेलोडी चॉकलेट दे सकते हैं तो एक इतालवी नेता भी यहां आकर देश के बारे में बोल सकता है। राउत ने कहा कि देश में लोकतंत्र की हत्या हो रही है और यह संयुक्त राष्ट्र तथा मानवाधिकार का मुद्दा है, किसी विदेशी ताकत का मामला नहीं।
राहुल गांधी के बयान पर लोग क्या कह रहे हैं?
राहुल गांधी की सोशल मीडिया पर खूब आलोचना हो रही है। लोगों का कहना है कि राहुल गांधी को ऐसे बयान, विदेशी मेहमानों के सामने नहीं देना चाहिए, न ही उनके बयानों पर ताली बजानी चाहिए, जिनके जरिए भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने की कोशिश की गई है।
